पूसीरे वुशु अकादमी ने ऑल असम इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में 30 मेडल जीता
गुवाहाटी, 03 सितंबर (हि.स.)। असम के उदालगुड़ी में आयोजित 23वीं सब-जूनियर और जूनियर ऑल असम इंटर डिस्ट्रिक्ट वुशु चैंपियनशिप 2026 में, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (पूसीरेएसए) के वुशु अकादमी ने सब-जूनियर कैटेगरी में ताओलू रनर्स-अप ट्रॉफी जीतकर पूसीरे का मान बढ़ाया है। 26 ज़िला टीमों और 400 से ज़्यादा प्रतिभागियों के बीच मुकाबला करते हुए, 22 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों वाली पूसीरेएसए की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल 30 मेडल जीते, जिनमें 6 स्वर्ण, 19 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार काे बताया कि बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में सत्यम चक्रवर्ती ने नंगुन में स्वर्ण पदक जीता, जबकि ग्रेविल्क मोहालिया ने नानक्वान और नंदाओ दोनों में स्वर्ण पदक जीतकर टीम के सबसे बेहतर खिलाड़ियों में अपनी जगह बनायी। निशांत कुमार मंडल ने ताइची जियान में स्वर्ण पदक जीता, वहीं फरहीन हजारिका और ऋषिकेश सरदार ने विंग चुन में स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी का मान बढ़ाया। उनके शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन ने टीम के कुल मेडल टैली में अहम भूमिका निभाई और पूसीरेएसए वुशु अकादमी को ताओलू रनर्स-अप ट्रॉफी दिलाने में अपना योगदान दिया।
टीम ने कोच एनसी राव के कुशल मार्गदर्शन में इस इवेंट में हिस्सा लिया। उनके समर्पित प्रयासों और खिलाड़ियों के संकल्प ने टीम के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। यह सफलता युवा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें निखारने के साथ ही उभरते खिलाड़ियों को अपने कौशल को विकसित करने और प्रतिस्पर्धी मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अवसर प्रदान करने के प्रति पूसीरे की निरंतर प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है।
यह शानदार उपलब्धि युवा खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं लगन को दर्शाती है और इस रेलवे की मज़बूत खेल संस्कृति को उजागर करती है। उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने पूसीरे के खेल रिकॉर्ड में एक और अहम उपलब्धि जोड़ी है, साथ ही संगठन द्वारा विकसित मज़बूत खेल संस्कृति को भी प्रदर्शित किया है। पदकों की प्रभावशाली संख्या और रनर-अप का स्थान पूसीरे में वुशू की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है तथा युवा खिलाड़ियों के लिए और ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा को बल मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

