home page

पूसीरे में वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत ट्रेनों को यात्रियों का जबरदस्त रिस्पांस

 | 
पूसीरे में वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत ट्रेनों को यात्रियों का जबरदस्त रिस्पांस


गुवाहाटी, 11 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) को वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत ट्रेन सेवाओं के लिए यात्रियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, जो आधुनिक, आरामदायक और कुशल रेल कनेक्टिविटी के प्रति बढ़ती प्राथमिकता को दर्शाता है। जनवरी से जुलाई, 2026 के दौरान, पूसीरे में 14 जोड़ी ट्रेनें शुरू की गईं, जिनमें वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की एक जोड़ी, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की आठ जोड़ी, लंबी दूरी की मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की तीन जोड़ी और मेल/एक्सप्रेस इंटरसिटी ट्रेनों की दो जोड़ी शामिल है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार काे बताया कि कामाख्या और हावड़ा के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा को यात्रियों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। ट्रेन संख्या 27576 कामाख्या-हावड़ा में 103 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जबकि ट्रेन संख्या 27575 हावड़ा-कामाख्या में 126 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जो लंबी दूरी की इस आधुनिक सेवा की भारी मांग को दर्शाती है।

अमृत भारत सेवाओं में भी यात्रियों की संख्या बहुत अच्छी रही है, जिससे पता चलता है कि ये यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय बन गई है। ट्रेन संख्या 20609 न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुच्चिराप्पल्ली में 159 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जबकि ट्रेन संख्या 20610 तिरुच्चिराप्पल्ली-न्यू जलपाईगुड़ी में 150 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। ट्रेन संख्या 20603 न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोविल में 173 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जबकि ट्रेन संख्या 20604 नागरकोविल-न्यू जलपाईगुड़ी में 160 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही।

अन्य सेवाओं को भी यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ट्रेन संख्या 15671 कामाख्या-रोहतक में 138 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी, ट्रेन संख्या 15950 गोमती नगर-डिब्रूगढ़ में 144 प्रतिशत ट्रेन संख्या 16597 एसएमवीटी बेंगलुरु-अलीपुरद्वार जंक्शन में 151 प्रतिशत और ट्रेन संख्या 15673 चर्लपल्ली-कामाख्या में 135 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।

इन आधुनिक ट्रेन सेवाओं में यात्रियों की निरंतर बढ़ती संख्या यह प्रदर्शित करती है कि पूर्वोत्तर और देश भर के प्रमुख स्थानों के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी काफी लोकप्रिय हो गई है। यात्रियों का उत्साहपूर्ण रिस्पॉन्स आरामदायक, सुविधाजनक और बेहतर ट्रेन सेवाओं के लिए बढ़ती पसंद को भी दर्शाता है।

यात्रियों की अधिक संख्या यह दिखाती है कि वे बेहतर कनेक्टिविटी, आरामदायक यात्रा और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। यह उत्साहजनक रिस्पॉन्स, कनेक्टिविटी को मज़बूत करने और यात्रियों को यात्रा के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेल के निरंतर कोशिशों के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय