तांबरम–न्यू तिनसुकिया और एसएमवीटी बेंगलुरु–बालुरघाट मार्गों पर चलेंगी विशेष एक्सप्रेस ट्रेनें
गुवाहाटी, 12 अप्रैल (हि.स.)। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने दो विशेष एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। यह जानकारी पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार को दी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 06015/06016 (ताम्बरम–न्यू तिनसुकिया–ताम्बरम) और 06561/06562 (एसएमवीटी बेंगलुरु–बालुरघाट–बेंगलुरु छावनी) स्पेशल एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरों के लिए चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलने के साथ ही यात्रा अधिक सुविधाजनक और आरामदायक होगी।
सीपीआरओ के अनुसार, ट्रेन संख्या 06015 (ताम्बरम–न्यू तिनसुकिया) स्पेशल 13 अप्रैल से 27 अप्रैल तक प्रत्येक सोमवार को ताम्बरम से सुबह 10:15 बजे रवाना होगी और गुरुवार को सुबह 04:30 बजे न्यू तिनसुकिया पहुंचेगी।
वापसी में, ट्रेन संख्या 06016 (न्यू तिनसुकिया–ताम्बरम) 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रत्येक गुरुवार को रात 20:00 बजे प्रस्थान कर रविवार को शाम 16:00 बजे ताम्बरम पहुंचेगी।
इस ट्रेन में 22 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर और जनरल सेकंड क्लास शामिल हैं। यह ट्रेन चेन्नई एग्मोर, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर, खड़गपुर, मालदा टाउन, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कोचबिहार, न्यू बंगाईगांव, गुवाहाटी, लामडिंग, फरकाटिंग और मरियानी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे दक्षिण, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
ट्रेन संख्या 06561 (एसएमवीटी बेंगलुरु–बालुरघाट) 12 अप्रैल को सुबह 08:50 बजे रवाना हो चुकी है और मंगलवार को सुबह 06:00 बजे बालुरघाट पहुंचेगी। इसके अन्य फेरे 19 और 26 अप्रैल को चलेंगे।
वापसी में, ट्रेन संख्या 06562 (बालुरघाट–बेंगलुरु छावनी) 15, 22 और 29 अप्रैल को सुबह 05:15 बजे बालुरघाट से रवाना होकर शुक्रवार को सुबह 03:00 बजे बेंगलुरु छावनी पहुंचेगी।
इस ट्रेन में 22 कोच होंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और जनरल सेकंड क्लास शामिल हैं। यह ट्रेन काटपाडी, विजयवाड़ा, राजमुंद्री, सिम्हाचलम्, विजयनगरम, ब्रह्मपुर, खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, खड़गपुर, बर्द्धमान, मालदा टाउन और बुनियादपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
सीपीआरओ ने बताया कि रेलवे के इस निर्णय से देश के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा और भी सुगम होगी तथा यात्रियों को अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

