पूसीरे ने पांच ट्रेनों में तकनीक आधारित ऑन-बोर्ड सेवाएं शुरू की
गुवाहाटी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने पांच चयनित सुपरफास्ट ट्रेनों में बेहतर ऑन-बोर्ड सेवाएं शुरू की है। यह पहल करने वाला यह भारतीय रेलवे का द्वितीय जोनल रेलवे बन गया है। यह सेवा कामाख्या-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12552/12551), गुवाहाटी-कोलकाता गरीबरथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12518/12517), डिब्रूगढ़-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15946/15945), न्यू जलपाईगुड़ी-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22233/22234) और न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22227/22228) में शुरू की गयी है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार काे बताया कि 14 अक्टूबर को वरिष्ठ रेल अधिकारियों की मौजूदगी में, न्यू जलपाईगुड़ी से चलने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में बेहतर सेवाएं शुरू की गईं। उसी दिन, कामाख्या–एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस में भी उसके प्रारंभिक रेलवे स्टेशन कामाख्या से ये सेवाएं उपलब्ध करायी गईं। गुवाहाटी–कोलकाता गरीब रथ एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़–मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस में क्रमशः 10 और 11 अक्टूबर से ही बेहतर ऑन-बोर्ड सेवाएं शुरू हो चुकी है।
बेहतर की गई ऑन-बोर्ड सेवाओं का उद्देश्य साफ-सफाई, स्वच्छता और यात्रियों के आराम को बढ़ाना है। इसके तहत सामान्य कोच और एसी कोच के खिड़कियों की नियमित सफाई, वॉशरूम का बेहतर रखरखाव, कुशल कचरा प्रबंधन और समय पर लिनेन वितरण तथा इकट्ठा करने का कार्य सुनिश्चित होगा। समर्पित टीमें बुनियादी तकनीकी सहायता प्रदान करेगी, पानी की उपलब्धता पर नज़र रखेंगी और यात्रियों की शिकायतों का दो घंटे के भीतर समाधान करेंगी। यदि कोई समस्या हल नहीं हो पाती है, तो उसे संबंधित रेल अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
इस पहल में जवाबदेही और सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए डिजिटल निगरानी, जियो-टैग्ड सेवा की जांच, स्टाफ की ट्रैकिंग और एक केंद्रीकृत निगरानी प्रणाली शामिल है। यात्रियों से प्राप्त रियल-टाइम फीडबैक, स्टार रेटिंग और एआई-आधारित सफाई का आकलन, प्रदर्शन के आकलन को और अधिक बेहतर बनाएगा। साथ ही, इससे सेवा की गुणवत्ता और यात्रियों के कुल अनुभव में निरंतर सुधार सुनिश्चित होगा।
इस पहल के ज़रिए, पूसीरे का उद्देश्य ऑन-बोर्ड सफाई को बेहतर बनाना, स्वच्छता के उच्च मानकों को बरकरार रखना और यात्रियों की संतुष्टि को बढ़ाना है। तकनीक-आधारित हाउसकीपिंग, डिजिटल मॉनिटरिंग और शिकायतों के त्वरित निवारण को अपनाकर, पूसीरे यात्रियों को एक अधिक स्वच्छ, आरामदायक और यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

