home page

त्यौहार पर पूसीरे का अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन जारी

 | 
त्यौहार पर पूसीरे का अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन जारी


गुवाहाटी, 27 सितंबर (हि.स.)। आगामी दुर्गापूजा, दिवाली और छठ त्यौहार को देखते हुए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने मौजूदा स्पेशल ट्रेन सेवाओं को जारी रखने के साथ-साथ अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। ये सेवाएं सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करने के साथ-साथ यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को सुगम बनाएंगी और त्यौहारी अवधि के दौरान कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी। इन स्पेशल सेवाओं में सिकंदराबाद- नाहरलगुन, सांतरागाछी- नाहरलगुन, हावड़ा- लामडिंग और कोलकाता- न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। ये सेवाएं पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना राज्यों के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी, जिससे त्यौहारी सीजन के दौरान यात्रियों को बेहतर यात्रा विकल्प और उन्नत कनेक्टिविटी मिलेगी।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या 07046 (सिकंदराबाद- नाहरलगुन) स्पेशल 02 से 30 अक्टूबर तक प्रत्येक शुक्रवार को सिकंदराबाद से 08:30 बजे रवाना होकर रविवार को नाहरलगुन 16:00 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 07047 (नाहरलगुन- सिकंदराबाद) स्पेशल 05 अक्टूबर से 02 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को नाहरलगुन से 13:00 बजे रवाना होकर बुधवार को सिकंदराबाद 21:50 बजे पहुंचेगी। यह सेवा मौजूदा परिचालन दिवस, समय-सारणी, ठहराव और कोच संयोजन के अनुसार दोनों दिशाओं में 5-5 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी।

ट्रेन संख्या 08047 (सांतरागाछी - नाहरलगुन) स्पेशल 02 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को सांतरागाछी से 18:00 बजे रवाना होकर शनिवार को नाहरलगुन 20:50 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 08048 (नाहरलगुन- सांतरागाछी) स्पेशल 03 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को नाहरलगुन से 23:55 बजे रवाना होकर सोमवार को सांतरागाछी 04:15 बजे पहुंचेगी। यह सेवा दोनों दिशाओं में 9-9 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी।

ट्रेन संख्या 03005 (हावड़ा- लामडिंग) स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को हावड़ा से 07:15 बजे रवाना होकर शनिवार को लामडिंग 08:00 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 03006 (लामडिंग- हावड़ा) स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को लामडिंग से 11:00 बजे रवाना होकर रविवार को हावड़ा 12:30 बजे पहुंचेगी। यह सेवा दोनों दिशाओं में 7-7 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव बैण्डेल, कटवा, जंगीपुर रोड, मालदा टाउन, न्यू जलपाईगुड़ी, कामाख्या, होजाई सहित मार्ग के अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा।

ट्रेन संख्या 03129 (कोलकाता- न्यू जलपाईगुड़ी) स्पेशल 17 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को 23:10 बजे कोलकाता से रवाना होकर क्रमशः रविवार और सोमवार को न्यू जलपाईगुड़ी 10:45 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 03130 (न्यू जलपाईगुड़ी- कोलकाता) स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और सोमवार को न्यू जलपाईगुड़ी से 12:45 बजे रवाना होकर क्रमशः सोमवार और मंगलवार को कोलकाता 00:40 बजे पहुंचेगी। यह सेवा दोनों दिशाओं में 14-14 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित होगी। इस ट्रेन का ठहराव नैहाटी, नवद्वीप धाम, आजिमगंज, न्यू फरक्का, बारसोई और किशनगंज सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय