पूसीरे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की सेवा बढ़ाई
गुवाहाटी, 04 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने आगामी त्यौहारों के मौसम में यात्रियों को यात्रा का अतिरिक्त विकल्प प्रदान करने और सुलभ आवागमन के लिए दो जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की सेवा बढ़ाई है। विस्तारित सेवाओं में ट्रेन संख्या 09189/09190 (मुंबई सेंट्रल – कटिहार – मुंबई सेंट्रल) और ट्रेन संख्या 04127/04128 (कानपुर सेंट्रल – गुवाहाटी – कानपुर सेंट्रल) फेस्टिवल स्पेशल शामिल हैं। ये सेवाएं त्यौहारों के मौसम में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए बढ़ाई गई हैं। ट्रेनें अपने मौजूदा सेवा अनुसूची, समय, कोच की संख्या और ठहराव के अनुसार चलेगी।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या 09189 (मुंबई सेंट्रल – कटिहार) फेस्टिवल स्पेशल 5 एवं 12 सितंबर; 17, 24 एवं 31 अक्टूबर और 7 एवं 14 नवंबर 2026 को 7 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 09190 (कटिहार – मुंबई सेंट्रल) फेस्टिवल स्पेशल 8 एवं 15 सितंबर; 20 एवं 27 अक्टूबर और 3, 10 एवं 17 नवंबर 2026 को 7 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी।
ट्रेन संख्या 04127 (कानपुर सेंट्रल – गुवाहाटी) स्पेशल 10 सितंबर से 10 दिसंबर 2026 तक 14 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 04128 (गुवाहाटी – कानपुर सेंट्रल) स्पेशल 11 सितंबर से 11 दिसंबर 2026 तक 14 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी।
इन स्पेशल ट्रेनों के चलने और सेवा बढ़ने से यात्रियों को यात्रा के और अधिक विकल्प मिलेंगे और व्यस्त रूट पर भीड़ कम होगी, जिससे उन्हें काफी लाभ होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

