home page

सिलचर-गुवाहाटी यात्री ट्रेन पटरी से उतरी, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

 | 
सिलचर-गुवाहाटी यात्री ट्रेन पटरी से उतरी, यात्रियों में मची अफरा-तफरी


कछार (असम), 29 अक्टूबर (हि.स.)। असम में सिलचर-गुवाहाटी यात्री ट्रेन का इंजन आज पटरी से उतरने की घटना सामने आई है। कटिगड़ा-बदरपुर को जोड़ने वाले पुल पर ट्रेन पटरी से उतर गई। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वहीं, घटना के चलते 16615 (गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस) की सेवा को आज रद्द कर दिया गया है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अनुसार, 15616 (सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस) 166/7 किमी इलाके में बदरपुर एवं सुकृतिपुर स्टेशन के बीच पुल से गुजर रही थी, तभी यह हादसा हुआ। घटना के दौरान यात्रियों में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी में यात्रियों के बाल-बाल बचने की बात कही गई है।

हालांकि, ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है। रेलवे अधिकारियों की ओर से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। हादसे के कारण रेल सेवाओं पर पड़े प्रभाव की भी जानकारी सामने नहीं आई है।

पूसीरे के द्वारा दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार ट्रेन के इंजन का चक्का पटरी से उतर गया था। जानकारी मिलते ही तुरंत राहत टीम मौके पर पहुंचकर इंजन को वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गयी। दिन के लगभग दो बजे फिर से ट्रेन की आवाजाही शुरू हो गयी है। हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश