home page

पूसीरे का कटिहार और मनिहारी के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन

 | 
पूसीरे का कटिहार और मनिहारी के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन


गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को सुविधा प्रदान करने के लिए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने कटिहार मंडल के अधीन कटिहार और मनिहारी के बीच स्पेशल ट्रेन सेवाओं के परिचालन करने का निर्णय लिया है। वार्षिक श्रावणी मेले में आने वाले हजारों भक्तों, तीर्थयात्रियों और यात्रियों के लिए सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इन स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाई गई है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार काे बताया कि स्पेशल ट्रेनों की एक जोड़ी, ट्रेन संख्या07540/07539 (कटिहार - मनिहारी - कटिहार) श्रावणी मेला स्पेशल, प्रत्येक दिशा से 22-22 फेरों के लिए चलेगी। 25 जुलाई से 23 अगस्त तक ट्रेन संख्या 07540 प्रत्येक मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को कटिहार से 19:00 बजे रवाना होकर मनिहारी 19:45 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, 26 जुलाई से 24 अगस्त तक ट्रेन संख्या 07539 प्रत्येक बुधवार, गुरुवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को मनिहारी से 03:30 बजे रवाना होकर कटिहार 04:15 बजे पहुंचेगी। इस सेवा का ठहराव मनसाही और महियारपुर स्टेशनों पर होगा।

इसके अलावा, एक अन्य जोड़ी, ट्रेन संख्या 07542/07541 (कटिहार - मनिहारी - कटिहार) श्रावणी मेला स्पेशल, प्रत्येक दिशा से 8-8 फेरों के लिए चलेगी। 27 जुलाई से 20 अगस्त तक ट्रेन संख्या 07542, प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को कटिहार से 20:30 बजे रवाना होकर मनिहारी 21:15 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में,28 जुलाई से 21 अगस्त तक ट्रेन संख्या 07541 प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मनिहारी से 05:15 बजे रवाना होकर कटिहार 06:00 बजे पहुंचेगी। अपनी यात्रा में यह ट्रेन मनसाही और महियारपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का उद्देश्य श्रावणी मेला अवधि के दौरान बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना और भीड़भाड़ को कम करना है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, यात्रामौसम की मांग को देखते हुए ट्रेन सेवाओं में वृद्धि कर तीर्थयात्रियों और यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और कुशल यात्रा प्रदान करने को प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय