पूसीरे की रेसुब ने 19 सफल अभियानों 62.45 लाख से अधिक मूल्य का सामान किया बरामद
गुवाहाटी, 13 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने रेलवे एवं यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 09 एवं 10 जून को संचालित सफल अभियानों की एक श्रृंखला में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज कीं। असम, बिहार, त्रिपुरा, नगालैंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में समन्वित अभियानों के माध्यम से रेसुब के कर्मियों ने मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई, अपराध निवारण, संवेदनशील व्यक्तियों के रेस्क्यू तथा यात्री कल्याण संबंधी पहलों में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार काे बताया कि सामूहिक रूप से, इन अभियानों के परिणामस्वरूप रेसुब कर्मियों द्वारा 19 सफल मामले दर्ज हुए, जिसके तहत लगभग 6.33 लाख से अधिक मूल्य के 12.666 किग्रा गांजा, लगभग 55.84 लाख से अधिक मूल्य के 279.21 ग्राम ब्राउन शुगर तथा लगभग 28 हजार मूल्य की 155 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इन अभियानों के दौरान लगभग 45 हजार से अधिक मूल्य के चोरी हुए 03 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। 07 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, 08 नाबालिगों (05 लड़के एवं 03 लड़कियां) को रेस्क्यू किया गया तथा संकट में फंसे 03 यात्रियों को समय पर चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई।
इस अवधि के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियों में, रेसुब कर्मियों ने जीआरपी एवं एसआईबी के समन्वय से मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए बदरपुर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया तथा उसके पास से लगभग 55.84 लाख रुपये से अधिक मूल्य के 279.21 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। इसके बाद आरोपित को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी को सौंप दिया गया।
प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई के अतिरिक्त, रेसुब कर्मियों ने यात्री कल्याण के प्रति भी अनुकरणीय समर्पण का परिचय देते हुए न्यू जलपाईगुड़ी, अररिया तथा तिनसुकिया रेलवे स्टेशनों पर तीन यात्रियों को त्वरित चिकित्सीय सहायता प्रदान करने में मदद की। रेल चिकित्सा कर्मियों एवं स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं के समन्वय के माध्यम से शीघ्र घायल यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक चिकित्सीय सेवा प्रदान की गई, जो आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा एवं कल्याण सुनिश्चित करने के प्रति रेसुब की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
ये सफल अभियान पूसीरे में एक अधिक सुरक्षित, संरक्षित एवं यात्री-केंद्रित रेल परिवेश बनाने के प्रति रेसुब की कार्रवाई उत्कृष्टता तथा अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

