home page

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आरपीएफ ने आठ बच्चों को किया रेस्क्यू, दो महिलाओं को प्रसव में दी मदद

 | 
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आरपीएफ ने आठ बच्चों को किया रेस्क्यू, दो महिलाओं को प्रसव में दी मदद


-चार लोगों को हिरासत में लिया और 2.08 करोड़ रुपये की सामग्रियां बरामद की

गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नवंबर के पहले सप्ताह में अलग-अलग रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अभियान चलाकर आठ बच्चों को रेस्क्यू किया। इनमें छह लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। वहीं, अगरतला और लामडिंग में ट्रेनों में सफर के दौरान प्रसव पीड़ा से गुजर रही दो महिलाओं को आरपीएफ कर्मियों ने चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद की। दोनों महिलाओं ने नवजात शिशुओं को जन्म दिया।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने सोमवार को बताया कि आरपीएफ ने चार से छह नवंबर के बीच रंगिया, न्यू बंगाईगांव, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी रेलवे स्टेशनों पर बच्चों को रेस्क्यू करने की कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि चार नवंबर को रंगिया में आरपीएफ और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने ट्रेन संख्या 15628 डाउन से एक लड़की को रेस्क्यू किया। बाद में उसे राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया। इसी दिन न्यू बंगाईगांव में एक अन्य लड़की को रेस्क्यू कर सखी वन स्टॉप सेंटर की देखरेख में सौंपा गया। इसके अलावा कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी से एक-एक लड़के को रेस्क्यू किया गया।

सीपीआरओ ने बताया कि छह नवंबर को आरपीएफ की टीम ने रंगिया से दो और लड़कों तथा न्यू जलपाईगुड़ी से एक लड़के को रेस्क्यू किया। इस प्रकार कुल छह लड़कों और दो लड़कियों को सुरक्षित बचाया गया। सभी बच्चों को आगे की देखभाल और संरक्षण के लिए संबंधित बाल संरक्षण एजेंसियों को सौंप दिया गया।

ट्रेनों में दो महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराने में मदद

सीपीआरओ ने बताया कि चार नवंबर को अगरतला में आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेन संख्या 14620 अप में सफर कर रही एक महिला यात्री की मदद की। महिला ने ट्रेन में ही नवजात शिशु को जन्म दिया। इसके बाद उसे एम्बुलेंस की सहायता से आगे के इलाज के लिए अगरतला के अस्पताल पहुंचाया गया।

इसी तरह पांच नवंबर को लामडिंग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13174 डाउन में एक महिला यात्री को प्रसव पीड़ा हुई। सूचना मिलने पर महिला हेड कांस्टेबल सहित आरपीएफ की टीम ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। महिला ने ट्रेन में एक बच्ची को जन्म दिया।

बच्चों को रेस्क्यू करने और यात्रियों की सहायता के अलावा आरपीएफ ने अलग-अलग सुरक्षा अभियानों में चार मामलों में चार लोगों को पकड़ा। इन अभियानों के दौरान बदरपुर से चार पिस्तौल और चार मैगजीन बरामद की गईं। हारमती से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के नकली सोने के चार टुकड़े जब्त किए गए।

वहीं, न्यू जलपाईगुड़ी से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की 1.031 किलोग्राम ब्राउन शुगर और कामाख्या से करीब 17 हजार रुपये मूल्य का चोरी हुआ एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा करीब 6.80 लाख रुपये मूल्य का 13.06 किलोग्राम गांजा और शराब की 449 बोतलें भी जब्त की गईं। कटिहार में अलग से 6.750 लीटर शराब बरामद की गई।

पूसीरे के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, बच्चों के संरक्षण और जरूरतमंद यात्रियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए आरपीएफ पुलिस, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और बाल संरक्षण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय