home page

पूसीरे की आरपीएफ ने कई रेस्क्यू अभियानों में यात्रियों और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित की

 | 
पूसीरे की आरपीएफ ने कई रेस्क्यू अभियानों में यात्रियों और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित की


गुवाहाटी, 03 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हाल के दिनों में अपने क्षेत्राधिकार में चलाए गए सफल रेस्क्यू अभियानों की एक श्रृंखला के माध्यम से, यात्रियों की सुरक्षा और मानवीय सेवा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को एक बार पुनः साबित किया है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि 24 से 30 अप्रैल की अवधि के दौरान, आरपीएफ कर्मियों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों से बड़ी संख्या में ऐसे लोगों को रेस्क्यू किया, जो असुरक्षित थे। उनमें घर से भागे हुए नाबालिग और व्यथित यात्री भी शामिल थे।

एक बड़े अभियान में, डिब्रूगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों ने एक ट्रेन से 12 नाबालिग लड़कों को रेस्क्यू किया और उचित देखभाल तथा सुरक्षा के लिए सभी को चाइल्डलाइन अधिकारियों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया। इसी तरह गुवाहाटी, लामडिंग, किशनगंज, कोकराझार, हासिमारा, मरियानी और न्यू अलीपुरद्वार जैसे स्टेशनों पर भी कई रेस्क्यू अभियान चलाए गए, जहां घर से भागे हुए कई नाबालिग लड़कों और लड़कियों का पता लगाया कर सभी को रेस्क्यू किया गया।

विशेष रूप से, मरियानी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया, जबकि गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर, समय पर हस्तक्षेप के बाद नाबालिगों को उनके परिवारों से सुरक्षित रूप से मिला दिया। अलग-अलग घटनाओं में किशनगंज, लामडिंग, डिमापुर और कोकराझार जैसे स्टेशनों पर रेस्क्यू किए गए नाबालिगों को सुरक्षित अभिरक्षा और पुनर्वास के लिए चाइल्ड हेल्प लाइन तथा अन्य अधिकृत एजेंसियों को सौंप दिया गया।

नाबालिगों को रेस्क्यू करने के अलावा, आरपीएफ कर्मियों ने व्यथित यात्रियों को भी तत्काल सहायता प्रदान की। न्यू जलपाईगुड़ी में, सांस संबंधी बीमारी से ग्रस्त एक यात्री को तत्काल चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। रायगंज और बारसोई में हुई अन्य घटनाओं में, गिरने से घायल हुए यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान की गई, जो आरपीएफ कर्मियों की सतर्कता और तत्परता को दर्शाता है।

पूसीरे नेटवर्क पर आरपीएफ कर्मियों के निरंतर प्रयास यात्रियों की सुरक्षा करने, मानव तस्करी को रोकने और असुरक्षित व्यक्तियों के कल्याण को सुनिश्चित करने के प्रति उनके समर्पण को दर्शाते हैं।

पूसीरे एक सुरक्षित, कुशल और यात्री-अनुकूल वातावरण बनाए रखने को प्रतिबद्ध है और जनता से अपील करता है कि वे सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेल अधिकारियों को दें।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय