home page

पूसीरे के आरपीएफ ने 29 लाख से अधिक मूल्य का गांजा किया जब्त

 | 
पूसीरे के आरपीएफ ने 29 लाख से अधिक मूल्य का गांजा किया जब्त


गुवाहाटी, 26 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे के माध्यम से प्रतिबंधित पदार्थों के परिवहन के खिलाफ अपनी निरंतर अभियान को जारी रखते हुए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अपने क्षेत्राधिकार में गांजा तस्करी को रोकने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बीते 20 से 22 अप्रैल तक किए गए गहन जांच और अभियानों के दौरान, आरपीएफ टीमों ने पूसीरे क्षेत्राधिकार के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से लगभग 60 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 29 लाख रुपये से अधिक है। इसके अतिरिक्त, गांजा की अवैध परिवहन में शामिल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित जीआरपी आउटपोस्ट को सौंप दिया गया।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि बीते 22 अप्रैल को अगरतला की आरपीएफ टीम ने जीआरपी के साथ संयुक्त रूप से अगरतला रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को पकड़ा और उसके पास से लगभग 6 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख है, जब्त किया। पकड़े गए व्यक्ति को जब्त मादक पदार्थ सहित जीआरपी/अगरतला आउटपोस्ट को सौंप दिया गया।

इसी कड़ी में 21 अप्रैल को अन्य एक बड़ी कार्रवाई में, अगरतला के आरपीएफ टीम ने जीआरपी के साथ समन्वय में अगरतला रेलवे स्टेशन पर दो व्यक्तियों को पकड़ा और उनके कब्जे से लगभग 21.48 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 10.74 लाख है। पकड़े गए व्यक्तियों को जब्त गांजे सहित आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए जीआरपी/अगरतला आउटपोस्ट को सौंप दिया गया।

जबकि, 20 अप्रैल को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के आरपीएफ कर्मियों ने नियमित तालशी और अभियान के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में भारी मात्रा में लावारिस गांजा बरामद किया। पहले मामले में करीब 9 लाख रुपये कीमत की लगभग 18 किलो गांजा बरामद किया गया; जबकि दूसरे मामले में लगभग 13.80 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 6.90 लाख है। दोनों ही मामलों में बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी आउटपोस्ट, न्यू जलपाईगुड़ी को सौंप दिया गया।

मादक पदार्थों की तस्करी के लिए रेलवे परिसरों और ट्रेनों का दुरुपयोग रोकने हेतु पूसीरे की आरपीएफ लगातार विशेष अभियान, निगरानी और खुफिया आधारित कार्रवाई कर रही है। ये निरंतर प्रयास, अपने क्षेत्राधिकार में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाकर यात्रियों के लिए सुरक्षित और संरक्षित रेलवे वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति एनएफआर की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय