पूसीरे की आरपीएफ ने मार्च में बड़ी कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा की मज़बूत
- 1.93 करोड़ से अधिक की सामग्री जब्त, 37 पकड़े गये
गुवाहाटी, 29 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मार्च माह के दौरान अपने क्षेत्राधिकार में गुवाहाटी, न्यू जलपाईगुड़ी, आलुआबाड़ी, कामाख्या, होजाई, अगरतला, समसी और न्यू बंगाईगांव रेलवे स्टेशनों तथा ट्रेनों पर श्रृंखलाबद्ध सफल कार्रवाई कर सतर्कता और कार्रवाई दक्षता का परिचय दिया है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार काे बताया कि गुवाहाटी की आरपीएफ टीम ने 24 मार्च को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15933 डाउन से एक नाबालिग लड़के को रेस्क्यू किया और उसे रेलवे चाइल्ड लाइन के माध्यम से बाल कल्याण समिति को देखभाल के लिए सुरक्षित रूप से सौंप दिया।
एक अन्य महत्वपूर्ण अभियान में, कटिहार आरपीएफ की सीआईबी टीम ने समसी रेलवे स्टेशन पर एक दलाल को 61,700 रुपये से अधिक मूल्य के 14 अवैध ई-टिकटों के साथ पकड़ा, जिससे अवैध टिकटिंग गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई हुई। आरपीए की टीमों ने गांजा और शराब सहित प्रतिबंधित वस्तुएं भी बरामद कीं तथा अवैध हथियार रखने और नशाखोरी के एक मामले में शामिल आरोपितों को भी गिरफ्तार किया।
मार्च माह में 26 तक, पूसीरे की आरपीएफ ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में सघन और सक्रिय प्रवर्तन कार्रवाई की, जिससे उल्लेखनीय परिणाम सामने आए। कुल 268.82 किलो गांजा सहित सिगरेट, कफ सिरप, हेरोइन, 1,200 किलो अफीम के बीज और शराब बरामद किए। जब्त सामग्रियों की कीमत 1.91 करोड़ से अधिक है। इन अभियानों के दौरान, 37 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इसके अतिरिक्त, एक मामले में 7.60, लाख नकद बरामद किए गए। हथियार और गोला-बारूद से संबंधित मामलों में एक पिस्तौल, दो मैगज़ीन और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए।
चोरी से जुड़े मामलों में, 8 अपराधियों को हिरासत में लिया गया और उनलोगों के पास से 7 मोबाइल फ़ोन और एक ट्रॉली बैग बरामद किया गया, जिनकी कीमत करीब 86,000 रुपये है। अवैध टिकटिंग गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में 2 दलालों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 63,668 रुपये के 16 टिकट बरामद हुए। इन सामूहिक प्रयासों से कुल बरामदगी एवं राजस्व लगभग 1.93 करोड़ रुपये से अधिक है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

