home page

पूसीरे ने अगरतला कोचिंग डिपो में 345 केडब्ल्यूपी ऑन-ग्रिड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट किया चालू

 | 
पूसीरे ने अगरतला कोचिंग डिपो में 345 केडब्ल्यूपी ऑन-ग्रिड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट किया चालू


गुवाहाटी, 28जून (हि.स.)। सस्टेनेबल और हरित ऊर्जा पहलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रमुख कदम के तौर पर, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अगरतला कोचिंग डिपो में 345 केडब्ल्यूपीका ऑन-ग्रिड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट सफलतापूर्वक स्थापित कर चालू किया। यह परियोजना भारतीय रेल के पर्यावरण और ऊर्जा बचत के प्रति प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए, अक्षय ऊर्जा का उपयोग करने और उपलब्ध रूफटॉप स्थल का बेहतर उपयोग करने के लिए शुरू किया गया है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि सौर ऊर्जा प्रणाली अभी भवनों की खपत से अधिक बिजली का उत्पादन कर रहा है, जिससे यह सुविधा एक नेट पॉजिटिव एनर्जी उत्पादक बन गया है। दिन में उत्पादित अतिरिक्त बिजली को वापस ग्रिड में भेजा जा रहा है, जिससे हरित ऊर्जाउत्पादन में मदद मिल रही है और बिजली के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता कम हो रही है। इस पहल से ऊर्जा की लागत में काफी बचत और पीक डिमांड पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। पारंपरिक स्रोतों से बिजली की खपत कम करने के अलावा, यह परियोजना कार्बन उत्सर्जन और कुल मिलाकर कार्बन फ़ुटप्रिंट को कम करने में भी मदद करेगा।

345 केडब्ल्यूपी का ऑन-ग्रिड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित होना, पूसीरे द्वारा स्वच्छ ऊर्जा समाधान अपनाने और पर्यावरण के अनुकूल अवसंरचना विकसित करने के लिए चल रहेप्रयासों का हिस्सा है। ऐसे पहलों के माध्यम से, पूसीरे सस्टेनेब्लिटी को बढ़ावा देने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और ज़्यादा हरित तथा स्वच्छ भविष्य के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देने को प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय