home page

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की माल ढुलाई में 27.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज

 | 
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की माल ढुलाई में 27.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज


- अप्रैल से अक्टूबर तक संचयी माल लदान 14.1 प्रतिशत बढ़कर 7.290 मिलियन टन पहुंचा- कोयला, डोलोमाइट, खाद्यान्न और सीमेंट की लोडिंग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी-माल ढुलाई में वृद्धि से खाद्य आपूर्ति, क्षेत्रीय व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को मिला बढ़ावा

गुवाहाटी, 14 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अक्टूबर 2026 में माल ढुलाई के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। इस दौरान रेलवे ने 1.064 मिलियन टन (एमटी) माल का लदान किया, जो अक्टूबर 2025 में दर्ज 0.833 मिलियन टन की तुलना में 27.7 प्रतिशत अधिक है। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक संचयी माल लदान 7.290 मिलियन टन रहा, जो पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि के 6.390 मिलियन टन की तुलना में 14.1 प्रतिशत अधिक है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को बताया कि अक्टूबर में माल ढुलाई में हुई वृद्धि में कई प्रमुख वस्तुओं का योगदान रहा। कोयले की लोडिंग में 160 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 0.013 मिलियन टन (एमटी) हो गई। इसी तरह डोलोमाइट की लोडिंग 61.3 प्रतिशत बढ़कर 0.258 मिलियन टन और खाद्यान्न की लोडिंग 350 प्रतिशत बढ़कर 0.054 मिलियन टन पहुंच गई। फलों, सब्जियों और लकड़ी सहित विविध वस्तुओं की लोडिंग में भी 221.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 0.061 मिलियन टन रही। उर्वरक और सीमेंट की लोडिंग में क्रमशः 120 प्रतिशत और 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सीपीआरओ ने बताया कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भी पूसीरे के संचयी माल ढुलाई प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ। इस अवधि में सीमेंट की लोडिंग 148.1 प्रतिशत बढ़कर 0.903 मिलियन टन और डोलोमाइट की लोडिंग 40 प्रतिशत बढ़कर 1.687 मिलियन टन हो गई। विविध वस्तुओं की लोडिंग में 106 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 0.274 मिलियन टन पहुंच गई। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में कोयले और कंटेनर की लोडिंग में भी क्रमशः 16.5 प्रतिशत और 10.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

अक्टूबर 2026 में माल ढुलाई के नेट टन-किलोमीटर में भी 47.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि के 511 मिलियन से बढ़कर लगभग 754 मिलियन हो गया। यह मापदंड परिवहन किए गए माल की मात्रा के साथ तय की गई दूरी को भी दर्शाता है।

सीपीआरओ के मुताबिक, पूसीरे विश्वसनीय माल ढुलाई सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। खाद्यान्न, कृषि उपज और औद्योगिक सामग्रियों का परिवहन कर रेलवे किसानों और व्यापारियों को व्यापक बाजारों तक पहुंचने में मदद कर रहा है। इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र के साथ-साथ इसके बाहर भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय