पूसीरे ने बुनियादी ढ़ांचे का अपग्रेडेशन कार्य किया शुरू
गुवाहाटी, 20 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) बुनियादी ढ़ांचे की नियमित निगरानी, समय पर रखरखाव और तकनीकी अपग्रेडेशन के माध्यम से ट्रेन परिचालन की संरक्षा और विश्वसनीयता को मजबूत करने को प्रतिबद्ध है। पूरे ज़ोन में ट्रेनों की सुरक्षित, सुचारू और कुशल आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक, तकनीक-आधारित प्रणालियों और उन्नत रखरखाव प्रक्रियाओं को लागू करना एक प्रमुख प्राथमिकता है। महत्वपूर्ण स्थानों पर फोकस और समय रहते रखरखाव के उपाय अपनाकर, पूसीरे परिचालन संरक्षा को और अधिक बेहतर बना रहा है, संभावित जोखिमों को कम कर रहा है तथा रेल बुनियादी ढांचे की विश्वसनीयता को और अधिक सुनिश्चित कर रहा है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार काे बताया है कि अक्टूबर, 2026 के दौरान पूसीरे ने सिग्नलिंग और संरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल किए हैं। कटिहार और लामडिंग मंडलों में छह-छह स्टेशनों, अलीपुरद्वार और रंगिया मंडलों में चार-चार स्टेशनोंऔर तिनसुकिया मंडल में तीन स्टेशनों पर क्लैंप टाइप लॉकिंग के साथ थिक वेब स्विच प्वाइंट मशीनें लगाई गई हैं। कटिहार, रंगिया और लामडिंग मंडलों के सात स्टेशनों पर सिस्टम इंटीग्रिटी टेस्टिंग की गई है। इसके अलावा, सभी मंडलों में 40 समपार फाटकों के लिए एक व्यापक सिस्टम इंटीग्रिटी टेस्टिंग अभियान भी पूरा किया गया है।
सिग्नलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक मजबूत करने तथा समपार फाटकों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए, लामडिंग, अलीपुरद्वार और रंगिया मंडलों के विभिन्न समपार फाटकों पर 04 स्लाइडिंग बूम लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अक्टूबर 2026 के दौरान टैम्पिंग मशीनों ने 835.85 ट्रैक किलोमीटर (टेकेएम) का कार्य पूरा किया, जिससे चालू वित्त वर्ष में अब तक की कुल प्रगति 6,606.85टीकेएम हो गई है।
अक्टूबर, 2026 के दौरान, टैम्पिंग मशीनों से कुल 376 प्वाइंट्स और क्रॉसिंग्स पर कार्यकराया गया, जिससे अब तक की कुल संख्या 2,670 हो गई है। ट्रैक संरक्षा और रखरखाव के क्षेत्र में, अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन (यूएसएफडी) तकनीक के जरिए 2,426.97 ट्रैक किलोमीटर (टीकेएम) रेल पटरी की जांच की गई, जिससे कुल प्रगति 15,881.57 टीकेएम तक पहुंच गई है। इसके अलावा, इस महीने के दौरान फेज़्ड एरे अल्ट्रासोनिक टेस्टिंग (पीएयूटी) तकनीक का उपयोग कर 824 फ्लैश बट (एफबी) वेल्ड्स की जांच की गई, जिससे जांच किए गए कुल एफबी वेल्ड्स की संख्या 12,585 हो गई है।
ये बुनियादी ढांचागत सुधार ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को सुनिश्चित करने, विश्वसनीयता बढ़ाने और रेलवे संचालन की कुल क्षमता में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूसीरे अपने बुनियादी ढांचे की निरंतर निगरानी और उसे सुदृढ़ बनाकर, अपने यात्रियों को अधिक सुरक्षित, कुशल और समयबद्ध यात्रा का अनुभव प्रदान करने को प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

