पूसीरे के जीएम ने रंगापाड़ा नॉर्थ, डेकारगांव और तेजपुर का किया निरीक्षण
गुवाहाटी, 26 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने 26 जून को रंगापाड़ा नॉर्थ और डेकारगांव रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में चल रहे अवसंरचनात्मक विकास के कार्यों की प्रगति की समीक्षा और भविष्य में रेल विस्तार परियोजना का जायजा लेने के लिए यह निरीक्षण हुआ था। महाप्रबंधक ने पुराने तेजपुर रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया, जो वर्तमान मेंपरित्यक्त है। उन्होंने वहां के भवनों व अन्य बुनियादी संरचनाओं की स्थिति का मुआयना किया।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि दौरे के दौरान, महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे रंगापाड़ा नॉर्थ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का निरीक्षण किया। स्टेशन को लगभग 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक यात्री सुविधाओं और बेहतर अवसंरचना के साथ अपग्रेड किया जा रहा है। पुनर्विकास कार्य लगभग 80% पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी तेज़ी से पूर्ण होने की ओर अग्रसर हैं।
महाप्रबंधक ने डेकारगांव स्टेशन और यार्ड का भी दौरा किया और आगियाठरी-डेकारगांव और तेजपुर-सिलघाट के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजनाओं के वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। दो प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजनाओं - जिनमें दरांग जिला से होते हुए आगियाठरी से डेकारगांव तक और ब्रह्मपुत्र नदी पर नए पुल सहित तेजपुर से सिलघाट तक की लाइन शामिल है - का सर्वे का काम पूरा हो चुका है और केंद्रीय मंत्रालय में समीक्षा के अधीन हैं। इन प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी परियोजना से क्षेत्र कीपरिवहन अवसंरचना में सुधार, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और सामाजिक-आर्थिक विकास में बेहतर योगदान मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत, श्रीवास्तव ने रेल अवसंरचना की स्थिति का जायजा और रूट पर परिचालन पहलुओं की निगरानी करने के लिए कामाख्या से डेकारगांव तक विंडो ट्रेलिंगनिरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरानउन्होंने ट्रैक, पुलों, स्टेशनों और अन्य रेल परिसंपत्तियों के मेंटेनेंस की समीक्षा की।साथ ही चल रहे विकास कार्यों का मूल्यांकनकिया और संरक्षा, दक्षता एवं यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए और अधिकसुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान की।
यह निरीक्षण पूसीरे की रेल अवसंरचना को मजबूत करने, यात्री सुविधाओं को बढ़ाने और पूरे पूर्वोत्तर में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

