अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए पूसीरे ने शुरू की अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें
गुवाहाटी, 09 अप्रैल (हि.स.)। यात्री सुविधा को बेहतर बनाने और निर्बाध यात्रा का अनुभव प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं तथा मौजूदा सेवाओं का विस्तार किया है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए ट्रेन संख्या 05754/05753 (न्यू जलपाईगुड़ी–मालदा टाउन–न्यू जलपाईगुड़ी) स्पेशल शुरू की गई है। ट्रेन संख्या 05754 (न्यू जलपाईगुड़ी - मालदा टाउन) और ट्रेन संख्या 05753 (मालदा टाउन - न्यू जलपाईगुड़ी) 10 से 30 अप्रैल तक मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, रविवार और सोमवार को चलेंगी और प्रत्येक दिशा में 15 फेरें पूरा करेगी। यह ट्रेन आलुआबाड़ी रोड, किशनगंज, डालखोला, बारसोई, कुमेदपुर, हरिश्चंद्रपुर, समसी, एकलाखी और ओल्ड मालदा जैसे स्टेशनों से होकर गुज़रेगी तथा यात्रियों को आरामदायक और कुशल यात्रा का अनुभव सुनिश्चित करने के लिए 22 कोच के साथ संचालित होगी।
इसके अलावा, लंबी दूरी की कनेक्टिविटी को और अधिक बेहतर बनाने के लिए स्पेशल ट्रेन संख्या 04127 (कानपुर सेंट्रल–गुवाहाटी) स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को 09 अप्रैल से 14 मई तक चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04128 (गुवाहाटी–कानपुर सेंट्रल) स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को 10 अप्रैल से 15 मई तक चलेगी। यह ट्रेन प्रयागराज, वाराणसी, बरौनी, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बंगाईगांव, रंगिया और कामाख्या आदि प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी। यह सेवा 16 कोचों के साथ संचालित होगी।
इसके अलावा, स्पेशल ट्रेन संख्या 07046 (सिकंदराबाद–नाहरलगुन) 10 अप्रैल से 22 मई तक साप्ताहिक चलेगी, जो शुक्रवार को सिकंदराबाद से रवाना होगी। वापसी की दिशा में, स्पेशल ट्रेन संख्या 07047 (नाहरलगुन - सिकंदराबाद) 13 अप्रैल से 25 मई तक साप्ताहिक चलेगी, जो सोमवार को नाहरलगुन से रवाना होगी। ये दोनों सेवाएं सात-सात फेरे पूरे करेंगी और ट्रेन में 22 कोच होंगे।
इसके अतिरिक्त, ट्रेन संख्या 05698/05697 (गुवाहाटी–जलपाईगुड़ी रोड–गुवाहाटी) स्पेशल द्विसाप्ताहिक चलेगी, जिसमें प्रत्येक दिशा में सात ट्रिप होंगे। ट्रेन संख्या 05698 (गुवाहाटी–जलपाईगुड़ी रोड) 09 से 30 अप्रैल तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को चलेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 05697 (जलपाईगुड़ी रोड–गुवाहाटी) 10 अप्रैल से 01 मई तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चलेगी।
एक अन्य विशेष सेवा, ट्रेन संख्या 05756/05755 (न्यू जलपाईगुड़ी– बालुरघाट– न्यू जलपाईगुड़ी) साप्ताहिक चलेगी, जो प्रत्येक दिशा में तीन फेरों के लिए होंगी। ट्रेन संख्या 05756 (न्यू जलपाईगुड़ी– बालुरघाट) शनिवार अर्थात् 11, 18 और 25 अप्रैल को चलेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 05755 (बालुरघाट– न्यू जलपाईगुड़ी) रविवार अर्थात् 12, 19 और 26 अप्रैल को चलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन 22 कोचों की सुविधा के साथ चलेगी।
यात्री सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करते हुए ट्रेन संख्या 04654/04653 (अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर) की सेवाओं को बढ़ाया गया है। ट्रेन संख्या 04654 (अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी) 08 से 29 अप्रैल तक चार अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 04653 (न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर) 10 अप्रैल से 01 मई तक चार अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। ------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

