home page

न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

 | 
न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण


न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण


गुवाहाटी, 28 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) निर्माण के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने बीते 27 अगस्त को न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे व्यापक पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उनके साथ पूसीरे मुख्यालय (निर्माण) के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित मंडल के अधिकारी भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान बंसल ने स्टेशन को एक अत्याधुनिक एवं यात्री-अनुकूल रेलवे सुविधा के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से किए जा रहे विभिन्न बुनियादी ढांचे एवं यात्री सुविधा संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने परियोजना के प्रमुख घटकों की प्रगति की समीक्षा की। इनमें आगमन टर्मिनल भवन, प्रस्थान टर्मिनल, एलिवेटेड रोड, पोडियम पार्किंग सुविधा, एयर कॉनकोर्स, नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), प्लेटफॉर्म विकास कार्य, सतही सड़कें तथा अन्य यात्री सुविधाएं शामिल हैं।

पुनर्विकास योजना में बेहतर वाहन आवागमन, समर्पित पार्किंग सुविधाएं, यात्रियों के ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र तथा स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की व्यवस्था भी शामिल है। बंसल ने विभिन्न स्थलों पर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और सुरक्षा एवं गुणवत्ता के निर्धारित मानकों को बनाए रखते हुए कड़ी निगरानी, प्रभावी समन्वय तथा परियोजना को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा, सुगमता और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है। यह परियोजना आधुनिक बुनियादी ढांचे और उन्नत यात्री सुविधाओं से सुसज्जित स्टेशन का विकास करेगी, जिससे उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर के एक महत्वपूर्ण रेलवे प्रवेश द्वार के रूप में न्यू जलपाईगुड़ी की भूमिका और अधिक सुदृढ़ होगी।

परियोजना के मास्टर प्लान में पूसीरे के कटिहार मंडल के अंतर्गत आने वाले न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय