पूसीरे ने ग्राहक-केंद्रित पहलों के ज़रिए माल ढुलाई व्यवस्था को किया और मज़बूत
-गौरीपुर से ऑटोमोबाइल और फालाकाटा से कोयला-कोक का परिवहन शुरू
-कटिहार और लामडिंग मंडलों में विभिन्न वस्तुओं की लोडिंग से उल्लेखनीय आय
गुवाहाटी, 16 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अपने संपूर्ण नेटवर्क में माल ढुलाई को सुगम बनाने और माल भाड़ा राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से कई ग्राहक-केंद्रित पहल शुरू की हैं। इनका मुख्य उद्देश्य माल लोडिंग-अनलोडिंग (फ्रेट हैंडलिंग) से जुड़ी अवसंरचना को मजबूत करना, अधिकाधिक माल परिवहन को प्रोत्साहित करना और रेल आधारित लॉजिस्टिक्स सेवाओं की कार्यक्षमता बढ़ाना है।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने सोमवार को बताया कि इन पहलों के तहत अलीपुरद्वार मंडल के गौरीपुर स्टेशन को सात अक्टूबर से जावक (आउटवर्ड) ऑटोमोबाइल परिवहन के लिए चालू किया गया है। इसी मंडल के फालाकाटा स्टेशन को 31 अक्टूबर से आवक (इनवर्ड) कोयला और कोक परिवहन के लिए खोला गया है। इन दोनों कदमों से क्षेत्र में माल ढुलाई को सुगम बनाने, लोडिंग-अनलोडिंग क्षमता बढ़ाने और माल परिवहन को अधिक कुशल बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पूसीरे ने विभिन्न मंडलों में अलग-अलग वस्तुओं की लोडिंग के माध्यम से उल्लेखनीय माल भाड़ा राजस्व अर्जित किया है। अलीपुरद्वार मंडल में ऑटोमोबाइल की एक रैक बुक की गई, जिससे 23 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
कटिहार मंडल में विभिन्न स्टेशनों से मक्के की कुल 18 रैक लोड की गईं। इनमें पूर्णिया से 12, रानीपतरा से दो तथा जलालगढ़, कटिहार, सूर्यकमल और अररिया से एक-एक रैक शामिल हैं। इससे 10.62 करोड़ रुपये का माल भाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अलावा, कटिहार मंडल के अंतर्गत आईओसी साइडिंग/न्यू जलपाईगुड़ी और एनआरएसआर साइडिंग/रंगापानी से पेट्रोलियम, तेल एवं स्नेहक (पीओएल) की 68 रैक लोड की गईं, जिनसे 24.99 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।
सीपीआरओ के अनुसार, लामडिंग मंडल ने भी माल ढुलाई के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां स्टोन चिप्स (गिट्टी) के 1,532 वैगनों की लोडिंग से 7.37 करोड़ रुपये का माल भाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, सीमेंट के 2,183 वैगनों की बुकिंग से 9.51 करोड़ रुपये और पेट्रोलियम, तेल एवं स्नेहक (पीओएल) के 49 वैगनों की लोडिंग से 54 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया गया। इसके अतिरिक्त, कंटेनर के 1,335 वैगनों की बुकिंग से 4.70 करोड़ रुपये की आय हुई।
उन्होंने कहा कि पूसीरे की ये पहलें माल लोडिंग-अनलोडिंग से जुड़ी अवसंरचना को मजबूत करने और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती हैं। विभिन्न वस्तुओं के परिवहन में रेल की भागीदारी बढ़ने से न केवल निर्बाध और विश्वसनीय माल ढुलाई को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क भी मजबूत होंगे। इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

