पूसीरे 5 सितंबर तक बहाल करेगा न्यू हारांगाजाओ स्टेशन की लाइन संख्या 2
गुवाहाटी, 01 सितंबर (हि.स.),। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) द्वारा न्यू हारांगाजाओ स्टेशन पर बहाली कार्य में बेहतर तेजी आयी है और उम्मीद है कि लाइन संख्या-2 को आगामी 5 सितंबर तक बहाल कर दिया जाएगा। बहाली की प्रक्रिया को तेज करने और ट्रेनों के सामान्य परिचालन जल्द शुरू करने के लिए प्रभावित स्थल पर लगभग 500 कर्मचारी चौबीसों घंटे कार्य कर रहे हैं। बहाली के इन बड़े कार्यों के लिए 22 पीसी एक्सकेवेटर, 12 जेसीबी, 18 ट्रैक्टर और न्यूमेटिक ड्रिल व हाइड्रोलिक पाइलिंग रिंग जैसी खास मशीनें लगाई गई हैं। टीमें प्रभावित हिस्से को मज़बूत करने, ट्रैक के बुनियादी ढांचे को स्थिर करने और बहाली से जुड़े अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं, साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को सर्वाधिक प्राथमिकता दी जा रही है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि 20 जुलाई से, न्यू हारांगाजाओ यार्ड में रेल पटरियों के नीचे की जमीन निरंतर धंस रही है और रेल पटरी अपने मूल स्थान से खिसक रही है, जिससे ट्रेनों का सामान्य परिचालन प्रभावित हो रहा है। यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की आवाजाही को केवल लाइन संख्या 3 तक सीमित कर दिया गया है। यह स्थिति प्राकृतिक जल-प्रवाह के मार्ग में बदलाव और स्थानीय जल-निकासी व्यवस्था में परिवर्तन के कारण उत्पन्न हुई है, जिसके कारण पहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में पानी एक ही जगह पर जमा हो रहा है। जमीन के नीचे पानी जमा होने से सतह के काफी नीचे तक पानी चला गया है, जिससे रेलवे संचरना की स्थिरता पर असर पड़ा है।
पूसीरे ने लाइनों को जल्द से जल्द ठीक करने और ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर मरम्मत और संरचना को मज़बूत करने के उपाय शुरू किए हैं। इन उपायों में जल-निकासी का प्रबंधन, पानी निकालना और प्रभावित रेल पटरियां स्थिर करना शामिल है।
फिलहाल, ट्रेनों के सुरक्षित और विश्वसनीय आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बेहतर संरक्षा उपायों के साथ लाइन संख्या 3 पर ट्रेनों का परिचालन जारी है। 5 सितंबर तक लाइन संख्या 2 बहाल होने की उम्मीद है। इससे पूसीरे को कम समय में इस सेक्शन से और अधिक ट्रेनों के चलाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, लाइन संख्या एक सितंबर के अंत तक बहाल होने की उम्मीद है।
पूसीरे यात्रियों की सुरक्षा को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता मानते हुए बहाली के काम को जल्द से जल्द पूरा करने को प्रतिबद्ध है। काम में तेज़ी लाने और लामडिंग-बदरपुर हिल सेक्शन पर जल्द से जल्द ट्रेनों का सामान्य परिचालन बहाल करने के लिए सभी ज़रूरी संसाधन, श्रम शक्ति और मशीनरी तैनात किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

