पूसीरे और भारतीय सेना का नारंगी छावनी में रेल सुविधा के लिए नए एमओयू पर हस्ताक्षर
गुवाहाटी, 27 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) और भारतीय सेना ने गुवाहाटी स्थित नारंगी छावनी में अतिरिक्त रेल सुविधा के संचालन, रखरखाव और उपयोग के लिए एक नया समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षर किया। यह समझौता उक्त सुविधा के उपयोग की शर्तें तय करता है और सेना की रेल परिवहन संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों संगठनों के बीच निरंतर समन्वय सुनिश्चित करता है। इस तरह की सुविधा सेना की आपूर्ति श्रृंखला को अधिक विश्वसनीय बनाती है और परिचालन संबंधी तैयारियों में मदद करती है, जिससे देश की व्यापक रक्षा तैयारियों में योगदान मिलता है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि गुरुवार को आयोजित हस्ताक्षर समारोह में रेलवे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूसीरे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक ने किया। भारतीय सेना की ओर से मेजर जनरल डीकेआर गौतम, कर्नल आकाश खजांची, कर्नल केजी सिंह, कर्नल पीबोरा, लेफ्टिनेंट कर्नल दिवाकर परमार और कर्नल संजीव ठाकुर उपस्थित थे।
पूसीरे के लामडिंग मंडल के अधीन न्यू गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से जुड़े नारंगी मिलिट्री साइडिंग को 15 अक्टूबर, 1999 को शुरू किया गया था, ताकि रक्षा अधिकारियों की रेल परिवहन संबंधी जरूरतों को पूरा किया जा सके।
यह नया समझौता नारंगी साइडिंग के माध्यम से रेल परिवहन की योजना बनाने में पूसीरे और भारतीय सेना के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करता है। छावनी के लिए विशेष रूप से ट्रेन सुविधा उपलब्ध कराकर, पूसीरे सेना को वाहनों, उपकरणों और आवश्यक सामग्रियों को समय पर एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में मदद करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

