home page

पूसीरे ने लामडिंग-बदरपुर पहाड़ी सेक्शन में टकराव रोकने के उपाय किए तेज

 | 
पूसीरे ने लामडिंग-बदरपुर पहाड़ी सेक्शन में टकराव रोकने के उपाय किए तेज


गुवाहाटी, 07 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने लामडिंग मंडल के अंतर्गत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लामडिंग-बदरपुर पहाड़ी सेक्शन में भैंसों के टकराने की घटनाओं को रोकने के लिए कई सक्रिय कदम उठाए हैं। रेलगाड़ियों के परिचालन की सुरक्षा के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूसीरे ने उन संवेदनशील स्थानों पर निवारक उपायों को तेज कर दिया है, जहां अतीत में ऐसी घटनाओं की शिकायतें अक्सर मिलती रही हैं।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि सुरक्षा बढ़ाने के उपायों के तहत, पहाड़ी क्षेत्रों में मुख्य रेलवे सुरंगों के पास बाड़ लगाने का काम किया जा रहा है, ताकि भैंसों और मवेशियों को रेल पटरियों पर आने से रोका जा सके। हाल ही में, टनल संख्या 16 और पुल संख्या 262 के बीच, रेल पटरियों के दोनों तरफ लगभग 150 मीटर लंबा बाड़ लगाने का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा, टनल संख्या 10 और टनल संख्या 12 के पास भी बाड़ लगाने का काम अभी चल रहा है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए तेज़ी से कार्य किया जा रहा है। उम्मीद है कि इन पहलों से मवेशियों के ट्रैक पर आने की संभावना काफी कम हो जाएगी और मवेशियों व ट्रेनों के बीच टक्कर की घटनाओं से बचा जा सकेगा, जिससे परिचालन सुरक्षा में सुधार होगा।

बुनियादी ढांचे से जुड़े उपायों के साथ-साथ, पूसीरे उन गांवों में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान भी चला रहा है, जो भैंसों के टकराने की घटनाओं की आशंका वाले क्षेत्रों के करीब स्थित हैं। इनमें विशेष रूप से न्यू हारांगाजाओ-डिटक छड़ा सेक्शन है। रेल अधिकारी, ग्राम परिषदों और स्थानीय निवासियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए, लोगों को रेल पटरियों और सुरंगों पर मवेशियों और भैंसों के अनाधिकृत प्रवेश से उत्पन्न होने वाले खतरों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इन अभियानों के दौरान, ग्रामीणों को अपने पशुधन को रेल पटरियों और परिसरों से दूर रखने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु पर्चे वितरित और जागरूकता पोस्टर प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

पूसीरे निरंतर निगरानी, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और समुदाय की भागीदारी के जरिए पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। पूसीरे स्थानीय निवासियों और पशु मालिकों से आह्वान किया है कि वे रेलवे परिचालन को सुरक्षा सुनिश्चित करने और पशुओं से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में अपना सहयोग प्रदान करें।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय