home page

पूसीरे ने समपार फाटकों पर स्थापित किया अत्याधुनिक ओएफसी आधारित संचार प्रणाली

 | 
पूसीरे ने समपार फाटकों पर स्थापित किया अत्याधुनिक ओएफसी आधारित संचार प्रणाली


गुवाहाटी, 30 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने संरक्षा और परिचालन दक्षता को बढ़ाने के लिए समपार (एलसी) फाटकों पर एक अत्याधुनिक ओएफसी-आधारित एकीकृत वॉइस-कम-डेटा संचार प्रणाली लगाने की प्रक्रिया शुरू की है। यह प्रणाली भारतीय रेलवे के मजबूत ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) नेटवर्क का उपयोग करते हुए इसे 50 समपार फाटकों पर स्थापित की जा रही है, जिससे स्टेशन मास्टरों और गेट संचालकों के बीच विश्वसनीय और निर्बाध संचार सुनिश्चित हो।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने साेमवार काे बताया कि यह प्रणाली सेनचोवा स्टेशन और बड़पथार स्टेशन पर स्थापित कर नॉन-इंटरलॉक और इंटरलॉक फाटकों से कनेक्ट की जा चुकी है। इस प्रणाली की सहायता से, स्टेशन मास्टर सीधे एसएम कक्ष से ही गेट की स्थिति यानी गेट का खुलना और बंद होना, को सटीक समय पर मॉनिटर कर सकते हैं। इससे नियंत्रण और समन्वय में काफी सुधार होता है।

उच्च गुणवत्ता वाली वॉइस कम्युनिकेशन, इंटीग्रेटेड वॉइस लॉगिंग, आईपी-आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम और सीसीटीवी इंटीग्रेशन से लैस यह सिस्टम एलसी गेटों की ऑडियो और विजुअल मॉनिटरिंग को सक्षम बनाता है। इसमें सिंगल-टच कॉलिंग, ग्रुप कम्युनिकेशन और बैटरी हेल्थ मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं हैं, जो परिचालन दक्षता को बढ़ाती हैं। एक प्रमुख प्रगति मास्टर कंसोल पर एआई-सक्षम नॉइज फिल्टरिंग है, जो महत्वपूर्ण संचालन के दौरान ट्रेन के हॉर्न और स्टेशन की घोषणाओं जैसी आस-पास की आवाजों को प्रभावी ढंग से हटा देती है। यह प्रणाली सभी समपार फाटक के कैमरों की केंद्रीकृत निगरानी में सहयोग प्रदान करता है और गेट स्थानों पर स्थापित अतिरिक्त आईपी-आधारित पीए यूनिट्स के माध्यम से पब्लिक एड्रेस घोषणाओं की सुविधा प्रदान करता है, जिससे निर्बाध और विश्वसनीय संचार सुनिश्चित होता है।

यह पहल विशेष रूप से संवेदनशील समपार फाटकों पर बेहतर सुरक्षा, संचार और रेल परिचालन के कुशल प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करने की दिशा में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय