आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से कटिहार स्टेशन पर अनाधिकृत हॉकर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 08 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो के संबंध में, जिसमें कथित तौर पर कटिहार रेलवे स्टेशन पर एक महिला द्वारा खीरों को हरे फूड कलर में डुबोते हुए दिखाया गया है, पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अनाधिकृत हॉकर को आज गिरफ्तार कर लिया है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए प्राप्त शिकायत पर, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तुरंत इस मामले को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई की। घटना की जांच करने, उसकी पुष्टि करने और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए आरपीएफ/पोस्ट/कटिहार (पूर्व) के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक विशेष टीम बनाई।
शुरुआती जांच के दौरान यह पता चला कि यह घटना कथित तौर पर 07 मई की दोपहर को कटिहार रेलवे स्टेशन पर हुई थी, जिसमें एक महिला विक्रेता को प्लेटफ़ॉर्म पर खीरा छीलते हुए और उन्हें बेचने से पहले हरे रंग के लिक्विड फ़ूड कलर में डुबोते देखा गया था। इसके आधार पर आरपीएफ के अधिकारियाें ने उस महिला के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरपीएफ/पोस्ट/कटिहार (पूर्व) में रेलवे अधिनियम की धारा 144 और 147 के तहत एक मामला दर्ज किया गया।
दर्ज शिकायत के बाद, आरपीएफ अधिकारियों ने कटिहार रेलवे स्टेशन पर एक सघन छापामारी कर तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान, अपलोड किए गए वीडियो में दिख रही महिला की पहचान बिहार के काढ़ागोला के बारी नगर वार्ड नंबर 5 नंबर निवासी फ़ूलबती देवी (65) के रूप में हुई है। उसे प्लेटफ़ॉर्म संख्या 06/07 पर खीरा बेचते हुए पकड़ा गया।
मौके पर पूछताछ के दौरान, आरोपित महिला ने बताया कि उसने काढ़ागोला, कटिहार की रहने वाली एक अन्य महिला पार्वती देवी के साथ मिलकर पिछले दिन प्लेटफ़ॉर्म संख्या 05 पर खीरों को छीला था और उसे हरे फ़ूड कलर में डुबोया था, ताकि बेचते समय खीरा ताज़ा और आकर्षक दिखे। यह रंग आमतौर पर मिठाइयों में इस्तेमाल होता है। उसके कबूलनामे के बाद, आरोपित महिला को हिरासत में ले लिया गया और कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ/पोस्ट/कटिहार (पूर्व) ले जाया गया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, उसे उक्त मामले के संबंध में न्यायिक कार्रवाई के लिए एसीजेएम/रेलवे, कटिहार की अदालत में पेश किया जाएगा।
रेल यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और भलाई सुनिश्चित करने के लिए पूसीरे पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कटिहार रेलवे स्टेशन पर रेलवे अधिनियम के तहत अनाधिकृत फेरीवालों और अपराधियों के खिलाफ लगातार नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं। निरंतर चलाए जा रहे इन अभियानों के परिणामस्वरूप, सिर्फ चालू वर्ष के दौरान कुल 619 विक्रेताओं को पकड़ा गया और रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत उस पर मामला दर्ज किया गया।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

