स्वस्थ वृद्धावस्था और स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हुए पूसीरे ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया
गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) -2026 मनाते हुए, स्वास्थ्य, फिटनेस और एक संतुलित जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त साधन के रूप में योग के महत्व को फिर से दोहराया। योग के लाभों के बारे में जागरूकता फैलाने और इसे जीवन शैली के रूप में अपनाने को प्रोत्साहित करने के लिए पूसीरे मुख्यालय, सभी मंडलों, कारखानों और अन्य रेल प्रतिष्ठानों में योग अभ्यास सत्र आयोजित किए गए।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का विषय, “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग”, आजीवन शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक दृढ़ता को बढ़ावा देने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालता है। यह योग की उस क्षमता पर जोर देता है, जिससे लचीलेपन, शक्ति और संतुलन बेहतर होने के साथ-साथ यह एक स्वस्थ और अधिक सक्रिय जीवन शैली को भी बढ़ावा देता है। यह विषय स्वस्थ जीवन के एक व्यापक विजन को भी दर्शाता है, जो शरीर, मन और प्रकृति के बीच सामंजस्य को प्रोत्साहित करता है और समग्र स्वास्थ्य एवं तंदुरूस्ती को बढ़ावा देता है। आईडीवाई-2026 का आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह इस वैश्विक आयोजन की 12वीं वर्षगांठ का प्रतीक है, जो दुनिया भर में लाखों लोगों को एक स्वस्थ और अधिक संतुलित जीवन शैली के लिए योग अपनाने को प्रेरित करता है। अपनी समावेशी प्रयासोंके माध्यम से योग निवारक स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने और स्वस्थ वृद्धावस्था का समर्थन करने का निरंतर प्रयास कर रहा है।
पूसीरे के मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन मालीगांव स्थित रेलवे इंडोर स्टेडियम में किया गया। पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया। रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया, जो स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल के नेतृत्व में महाप्रबंधक (निर्माण) कार्यालय में पूसीरे (निर्माण) द्वारा भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। पूसीरे के सभी पांच मंडलों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों रेल कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। इन समन्वित आयोजनों ने कर्मचारी कल्याण, निवारक स्वास्थ्य सेवाऔर स्वस्थ जीवन पर एनएफआर के निरंतर जोर को दर्शाया गया।
उत्तरी गोलार्द्ध में वर्ष के सबसे लंबे दिन, 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस संतुलन, कल्याण और सचेत जीवन का प्रतीक है। इस तिथि को योग दिवस मनाना शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक खुशहाली और प्रकृति के बीच के संबंध को उजागर करता है, जो लोगों को अधिक स्वस्थ और मजबूत जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' के संदेश को और अधिक बढ़ावा देने के लिए तथा आम जनता के बीच योग के लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने हेतु पूसीरे ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का उपयोग किया। डिजिटल आउटरीच के जरिए पूसीरे ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, सक्रिय वृद्धावस्था और अधिक स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग को अपनी दिनचर्या के हिस्से के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

