पूसीरे ने ट्रेनों में चलाया सघन टिकट जांच अभियान
गुवाहाटी, 10 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने जून, 2026 के दौरान अपने टिकट जांच प्रदर्शन में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज किया है, जो पारदर्शी टिकटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, बेटिकट यात्रा पर रोक लगाने और वैध यात्रियों को यात्रा का बेहतर माहौल प्रदान करने के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पूसीरे जोन के स्टेशनों और ट्रेनों में चलाए गए सघन टिकट जांच अभियानों के परिणामस्वरूप इस महीने के दौरान 1,14,633 यात्रियों को बेटिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जो जून 2025 में पकड़े गये 91,717 यात्रियों की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि इस निरंतर प्रवर्तन प्रयासों के परिणामस्वरूप जून 2026 के दौरान किराए और अतिरिक्त शुल्क के माध्यम से 14.44 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जो पिछले वर्ष उसी महीने के दौरान अर्जित 9.10 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 59 प्रतिशत अधिकराजस्व की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। पकड़े गए कुल मामलों में से 81,744 यात्री बेटिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे किराए और अतिरिक्त शुल्क के रूप में 11.85 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि 32,889 यात्री अनियमित टिकटों के साथ यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिससे राजस्व में 2.59 करोड़ रुपये का योगदान मिला। इसके अतिरिक्त, पूसीरे ने इस महीने के दौरान बिना जुर्माना वाले मामलों में 46.84 लाख रुपये वसूले गए, जबकि रेलवे के सामान बुकिंग नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए लगेज चेकिंग से भी राजस्व सृजन में योगदान मिला।
इस अभियान की सफलता के लिएउक्त महीने के दौरान पूरे ज़ोन में 377 सघन टिकट जांच अभियान चलाए गए, जबकि जून 2025 में ऐसे 349 अभियान चलाए गए थे। टिकट जांच कर्मचारियों ने 3,289 ट्रेनों में यह अभियान चलाया गया, जो पिछले वर्ष उसी अवधि के दौरान 2,217 ट्रेनों में चलाए गए अभियानों की तुलना में काफी अधिक है। यह सतर्कता और राजस्व सुरक्षा पर पूसीरे के बढ़ते फोकस को प्रदर्शित करता है।
वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान कुल प्रदर्शन भी उत्साहजनक रहा है। अप्रैल से जून 2026 तक, पूसीरे ने बेटिकट और अनियमित यात्रा के 3,35,040 मामले पकड़े, जिससे किराए और अतिरिक्त शुल्क के माध्यम से 39.56 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि वर्ष 2025-26 की उसी अवधि के दौरान 2,37,256 मामले पकड़े गए थे और 22.78 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। रेलवे ने इस कुल अवधि के दौरान गैर-जुर्माना मामलों में भी 1.42 करोड़ रुपये वसूले गए, जो इसकी टिकट जाँच पहलों की निरंतर प्रभावशीलता को रेखांकित करता है।
ये उपलब्धियां पूसीरे के वाणिज्यिक विभाग, टिकट जांच और फील्ड कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों को रेखांकित करती हैं, जो बेटिकट और अनियमित यात्रा को हतोत्साहित करने के लिए नियमित रूप से औचक निरीक्षण और विशेष अभियान चला रहे हैं। पूसीरे एक बार पुनः यात्रियों से अपील करता है कि वे केवल वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, उचित यात्रा प्राधिकार अपने पास रखें और रेल नियमों के अनुसार अतिरिक्त सामान (लगेज) बुक करें। इस प्रकार के सहयोग से सभी यात्रियों के लिए एक सुरक्षित, पारदर्शी और आरामदायक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने में मदद मिलने के साथ-साथ रेल परिचालन की दक्षता और वित्तीय स्थिरता भी मजबूत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

