पूसीरे ने अपने मुख्यालय और मंडलों में संविधान दिवस मनाया
गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया। इस अवसर पर मालीगांव स्थित पूसीरे मुख्यालय और इसके पांच मंडलों - कटिहार, अलीपुरद्वार, रंगिया, लामडिंग और तिनसुकिया में भारत के संविधान की प्रस्तावना को सामूहिक रूप से पढ़ा गया। पूसीरे महाप्रबंधक विवेक खरे ने पूसीरे मुख्यालय के डॉ. भूपेन हजारिका सभागृह में प्रस्तावना के पठन कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे, जिन्होंने संविधान में निहित मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
पूसीरे निर्माण मुख्यालय में,महाप्रबंधक (निर्माण) आशीष बंसल ने निर्माण संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर प्रस्तावनाका पाठ किया। इसी तरह के कार्यक्रम पांच मंडलों में भी आयोजित किए गए। पूरे ज़ोन के रेल कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर इस अवसर को मनाया।
प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है, क्योंकि वर्ष 1949 को इसी दिन संविधान सभा ने भारत के संविधान को अपनाया था। संविधान की प्रस्तावना को सामूहिक रूप से पढ़ने से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा के उन मूल आदर्शों की याद ताज़ा हो गई, जो आज भी देश के लोकतांत्रिक जीवन के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।
रेल कर्मचारियों के लिए, ये आदर्श रोज़मर्रा की जनसेवा में झलकते हैं—जैसे कि लोगों के साथ निष्पक्ष व्यवहार करना, हर यात्री के सम्मान का ध्यान रखना और सभी को रेल सेवाओं का समान अवसर देना। इस आयोजन ने हर रेल कर्मचारी को यह याद दिलाया कि यात्रियों और एक-दूसरे के साथ व्यवहार करते समय इन सिद्धांतों का पालन करना उनकी नैतिक ज़िम्मेदारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

