home page

फरवरी माह में 1191 रेकों की पूसीरे परिक्षेत्र में अनलोडिंग

 | 
फरवरी माह में 1191 रेकों की पूसीरे परिक्षेत्र में अनलोडिंग


गुवाहाटी, 07 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने फरवरी 2026 में माल परिवहन के क्षेत्र में अपना बेहतर प्रदर्शन जारी रखा और अनलोडिंग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की। उक्त महीने के दौरान, ज़ोन में 1191 माल रेक अनलोड किए गए, जो फरवरी, 2025 में अनलोड किए गए 1137 रेकों के मुकाबले 4.7% अधिक है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार काे बताया है कि पूरे महीने, पूसीरे ने अनाज, उर्वरक, सीमेंट, कोयला और अन्य सामग्रियों समेत आवश्यक और औद्योगिक वस्तुओं का सुलभ परिवहन सुनिश्चित किया। इन खेप को उसके क्षेत्राधिकार में विभिन्न गुड्स शेडों में अच्छी तरह हैंडल किया गया, जिससे समय पर आपूर्ति और परिचालन विश्वसनीयता सुदृढ़ हुई।

इस दौरान माल परिवहन का एक बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर राज्यों की ज़रूरतों को पूरा किया गया। असम में 655 रेक अनलोड किए गए, जिसमें आवश्यक सामानों के 308 रेक थे। यह जन वितरण प्रणाली और दैनिक उपयोग की ज़रूरतों को पूरा करने में रेलवे की अहम भूमिका को दर्शाता है। इसी दौरान, त्रिपुरा में 85 रेक, नगालैंड में 17, अरुणाचल प्रदेश में 9, मणिपुर में 16, मेघालय में 1 और मिज़ोरम में 7 रेक अनलोड किए गए।

इसके अलावा, पूसीरे के क्षेत्राधिकार के अधीन, पश्चिम बंगाल में 222 रेक, जबकि बिहार में 179 रेक अनलोड हुए। इनमें आवश्यक और अति आवश्यक दोनों तरह की वस्तुएं शामिल थे, जिससे अंतरक्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला और अधिक मज़बूत हुई है।

आवश्यक सामग्रियों और औद्योगिक सामग्रियों का परिवहन, लोगों की ज़रूरतों को पूरा करने और पूरे इलाके में आर्थिक गतिविधियों को सहयोग करने के लिए काफी ज़रूरी है। फील्ड यूनिट्स की कड़ी निगरानी और समन्वित प्रयासों से, पूसीरे ने टर्नअराउंड टाइम और अनलोडिंग दक्षता में सुधार किया है। इस प्रकार विश्वसनीय माल परिवहन संचालन और पूर्वोत्तर के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए एनएफआर की प्रतिबद्धता मजबूत हुई है। --------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय