home page

पूसीरे के महाप्रबंधक ने डिब्रूगढ़ और सिलापथार रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

 | 
पूसीरे के महाप्रबंधक ने डिब्रूगढ़ और सिलापथार रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण


गुवाहाटी, 23 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक विवेक खरे ने सोमवार को डिब्रूगढ़ कोचिंग डिपो एवं पिट लाइन, डिब्रूगढ़ रेलवे स्टेशन, बोगीबील ब्रिज तथा सिलापथार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने रखरखाव सुविधाओं, परिचालन संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देते हुए चल रहे ट्रैक नवीनीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ तिनसुकिया मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तथा पूसीरे मुख्यालय एवं तिनसुकिया मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने साेमवार काे बताया कि डिब्रूगढ़ कोचिंग डिपो एवं पिट लाइन में खरे ने यात्री कोच के निरीक्षण, रखरखाव एवं सर्विसिंग के व्यवस्थाओं की समीक्षा की। ये सुविधाएं रोलिंग स्टॉक की परिचालन तत्परता सुनिश्चित करने तथा सुरक्षित एवं विश्वसनीय ट्रेन सेवाओं के परिचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डिब्रूगढ़ और सिलापथार रेलवे स्टेशनों पर उन्होंने स्टेशन की सुविधाओं एवं यात्री सुख-सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा यात्रियों के आराम, सुविधा और समग्र यात्रा अनुभव पर विशेष जोर दिया।

महाप्रबंधक ने बोगीबील ब्रिज का निरीक्षण किया तथा ट्रैक रिलेइंग ट्रेन के माध्यम से किए जा रहे पूर्ण ट्रैक नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान ट्रैक अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा विश्वसनीय ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया।

नियमित निरीक्षणों एवं समीक्षाओं के माध्यम से पूसीरे रखरखाव कार्य प्रणालियों को सुदृढ़ करने, यात्री सुविधाओं में सुधार करने तथा रेल अवसंरचना के विकास को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ये प्रयास पूरे क्षेत्र में सुरक्षित, आरामदायक एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय