कामाख्या रेलवे स्टेशन पर पूसीरे महाप्रबंधक ने अपग्रेडेड सुविधाओं का किया उद्घाटन
गुवाहाटी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने कामाख्या रेलवे स्टेशन पर अपग्रेडेड सुविधाओं का उद्घाटन किया। यह यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्टेशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अपग्रेडेशन कार्य में स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, रिज़र्व लाउंज, कॉनकोर्स, सर्कुलेटिंग एरिया, सड़कें और अन्य सहायक सुविधाएं शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों के आराम, सुगम पहुंच और परिचालन दक्षता को बढ़ाना है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार काे बताया है कि सुधार कार्यों के तहत, वाहनों की आवाजाही को सुलभ बनाने और पीक आवर्स (व्यस्त अवधि) में भीड़-भाड़ कम करने के लिए अलग ट्रैफिक लेन, कवर्ड पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पोर्टिको तथा दो लेन वाली एग्जिट रोड बनाई गई हैं। रिजर्व लाउंज को बेहतर इंटीरियर, लाइटिंग, वेंटिलेशन, एयर-कंडीशनिंग, फर्नीचर, शौचालय और पैंट्री सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया गया है और इसके बैठने की क्षमता भी दोगुनी कर दी गई है। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और यात्रा से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए एक एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर अनाउंसमेंट सुविधाएं और वाई-फाई कनेक्टिविटी भी दी गई है।
प्लेटफ़ॉर्म संख्या4 को अपग्रेड किया गया है। इसमें बेहतर फ़्लोरिंग और कोपिंग, नए रंगीन रूफ़िंग शीट और बारिश के पानी की निकासी के लिए चौड़े गटर बनाए गए हैं। फ़ुट ओवरब्रिज और प्लेटफ़ॉर्म शेल्टर के बीच के खुले हिस्सों को अब ढक दिया गया है, ताकि खराब मौसम में यात्रियों को बेहतर सुरक्षा मिल सके। यात्रियों के बैठने की क्षमता 150 से बढ़ाकर 360 कर दी गई है। इसके अलावा, दिव्यांग यात्रियों के लिए पेयजल के दो विशेष बूथ और अन्य यात्रियों के लिए पांच अतिरिक्त बूथ बनाए गए हैं। पुरानी, क्षतिग्रस्त पानी की पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन लगाई गई।
इसके अलावा, कामाख्या रेलवे स्टेशन को कोचिंग डिपो से जोड़ने वाली सड़क पर एक रिटेनिंग वॉल बनाई गई है और सड़क का चौड़ीकरण कर दो-लेन कर दिया गया है। इससे सामग्री, मशीनरी और स्पेयर पार्ट्स लाने वाले भारी वाहनों का आना-जाना सुलभ हो गया है। साथ ही, इससे आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित हो गई है, भीड़-भाड़ कम हुई है और डिपो के कामकाज में भी बेहतर दक्षता आई है।
ये सुधार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, आसान पहुंच बनाने और रेलवे के बुनियादी ढांचे कोमजबूत करने के प्रति पूसीरे की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इन बेहतर सुविधाओं से कामाख्या रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुविधाजनक और यात्री-अनुकूल अनुभव मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

