home page

पूसीरे ने ग्राहक अनुकूल पहलों के जरिए माल परिवहन के कामकाज को दिया बढ़ावा

 | 
पूसीरे ने ग्राहक अनुकूल पहलों के जरिए माल परिवहन के कामकाज को दिया बढ़ावा


गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अपने रेल नेटवर्क पर माल परिवहन के संचालन को सुलभ बनाने और माल राजस्व से होने वाली आय में वृद्धि के लिए ग्राहक अनुकूल कई कदम उठाए हैं। इन पहलों का उद्देश्य माल परिवहन के संचालन की सुविधाओं को बेहतर बनाने, कार्गों परिवहन के लिए अतिरिक्त अवसर का सृजन और रेल आधारित लॉजिस्टिक्स को सुदृढ़ करना है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने साेमवार काे बताया कि इन पहलों के तहत एक जुलाई, 2026 से तिनसुकिया मंडल के खराहाट स्टेशन में पीएससी स्लीपर के आवक परिवहन की हैंडलिंग शुरू कर दी गयी है। इसी तरह, 29 जुलाई 2026 से रंगिया मंडल के न्यू मिसामारी स्टेशन को आवक मिलिट्री ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है, जिससे माल परिवहन के कार्य को आसान बनाने और कार्गो की कुशल आवाजाही में मदद मिलेगी।

पूसीरे ने अपने मंडलों में विभिन्न प्रकार की सामग्रियों की लोडिंग से माल राजस्व भी दर्ज की है। अलीपुरद्वार मंडल में, फालाकाटा से राणिबेन्नूर तक मक्का के एक रैक लोड करने से 0.74 करोड़ की आय हुई। अलीपुरद्वार मंडल में ही तूफानगंज से जिरानीया तक चावल के एक रैक लोड करने से 0.29 करोड़ की आय दर्ज हुई। कटिहार मंडल के अधीन पूर्णिया, रानीपतरा, अररिया, जलालगढ़, रहमतपुर, बथनाहा, सूर्यकमल, डालखोला और कटिहार से मक्के के 43 रैक लोड कर 29.72 करोड़ का आय अर्जित किया गया।

लामडिंग मंडल में भी माल परिवहन में अच्छी-खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। स्टोन चिप्स के कुल 315 वैगन बुक किए गए, जिनसे 1.37 करोड़ का माल राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अलावा, सीमेंट के 1,921 वैगन बुक किए गए और 9.06 करोड़ माल राजस्व प्राप्त हुआ। साथ ही, पेट्रोलियम, तेल और लुब्रिकेंट (पीओएल) के 196 वैगन बुक किए गए, जिससे 2.38 करोड़ रुपये का माल राजस्व हासिल हुआ।

ये पहल माल परिवहन के संचालन की सुविधाओं को बेहतर बनाने और ग्राहकों के अनुभव को और अधिक बेहतर करने के लिए पूसीरे की निरंतर प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती हैं। विभिन्न प्रकार की सामग्रियों के लिए रेलवे के उपयोग को बढ़ावा देकर, पूसीरे माल परिवहन की कुशलता और विश्वसनीयता को सुलभ बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय व्यापार, लॉजिस्टिक्स और आर्थिक विकास में भी सहयोग कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय