जून 2026 में पूसीरे ने माल लोडिंग में उत्साहजनक वृद्धि दर्ज की
गुवाहाटी, 06 जुलाई (हि.स.)। कुशलमाल परिवहन और आवश्यक सामानों की समय पर आपूर्ति के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने जून, 2026 में माल लोडिंग में उत्साहजनक बढ़ोतरी हासिल की है। पूसीरे ने उक्त महीने के दौरान कुल 0.968 मिलियन टन (एमटी) माल की लोडिंग दर्ज की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9.6 प्रतिशत अधिक है और साथ ही मासिक लोडिंग लक्ष्य का 110प्रतिशत हासिल कर लिया गया है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि जून, 2026 के दौरान कई प्रमुख सामग्रियों की लोडिंग में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। सीमेंट लोडिंग में 53.1 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जबकि पेट्रोलियम ऑयल और लुब्रिकेंट्स (पीओएल) लोडिंग में पिछले वर्ष की उसी अवधि की तुलना में 41.7 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई। कोयला लोडिंग में भी 37.5 प्रतिशत की अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई और अन्य श्रेणी में 36.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, स्टोन चिप्स की लोडिंग में 275 प्रतिशत की असाधारण वृद्धि हुई, जो इस क्षेत्र में निर्माण से जुड़े सामग्रियों के बढ़ते परिवहन को प्रदर्शित करता है। चालू वित्त वर्ष के जून, 2026 तक कुल माल लोडिंग 2.931 मिलियन टन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की उसी अवधि की तुलना में 6.2प्रतिशत की वृद्धि और रेलवे बोर्ड के कुल लक्ष्य का 109 प्रतिशत हासिल किया गया है।
माल लोडिंग में निरंतर हो रही बढ़ोतरी, पूर्वोत्तर और उससे आस-पास के क्षेत्रों में बढ़ते आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को उजागर करती है। इस निरंतर विकास ने न केवल क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला को मज़बूत किया है, बल्कि पूसीरे की आय में भी अहम योगदान दिया है।
पूसीरे आने वाले महीनों में माल परिवहन में विश्वसनीय परिवहन और माल परिवहन में लगातार बढ़ोतरी सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी सुधारों, कार्य संबंधी दक्षता और ग्राहक केंद्रित माल परिवहन के सेवाओं पर विशेष जोर देना जारी रखे हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

