पूसीरे ने अप्रैल 2026 में माल लोडिंग में 8.6% की वृद्धि दर्ज की
गुवाहाटी, 09 मई (हि.स.)। कुशल माल परिवहन संचालन और आवश्यक सामग्रियों के समय पर परिवहन के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अप्रैल 2026 के दौरान माल परिवहन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पूसीरे ने इस महीने के दौरान कुल 0.972 मिलियन टन (एमटी) माल लोडिंग दर्ज की, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 8.6प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि को दर्शाता है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि अप्रैल, 2026 के दौरान कई प्रमुख सामग्रियों की लोडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। सीमेंट लोडिंग में 329 प्रतिशत की असाधारण वृद्धि देखी गई, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में इस बार कोयला लोडिंग में 141.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। डोलोमाइट लोडिंग में भी 20.7 प्रतिशत की अच्छी खासी वृद्धि देखने को मिली। इसके अलावा, विविध सामग्रियों वाली अन्य श्रेणी के तहत लोडिंग में 190 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई, जो पूरे क्षेत्र में निर्माण- संबंधी और उससे जुड़ी सामग्रियों के परिवहन में हुई बढ़ोतरी को दर्शाता है।
माल लोडिंग में हो रही यह निरंतर वृद्धि पूर्वोत्तर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को उजागर करती है। इस निरंतर वृद्धि ने न केवल क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला नेटवर्क को मज़बूत किया है, बल्कि पूसीरे के राजस्व आय में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पूसीरे आने वाले महीनों में सामग्रियों के आवाजाही में विश्वसनीय परिवहन और निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी प्रगति, परिचालन दक्षता और ग्राहक-केंद्रित माल परिवहन सेवाओं पर अपना विशेष जोर देना जारी रखेगा।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

