home page

पूसीरे को खाद्य सुरक्षा मानकों में बड़ी उपलब्धि

 | 
पूसीरे को खाद्य सुरक्षा मानकों में बड़ी उपलब्धि


गुवाहाटी, 22 फरवरी (हि.स.)। यात्रियों के लिए सुरक्षित और साफ-सुथरा आहार सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के तहत, पूर्वोत्तर सीमांतर रेलवे (पूसीरे) के लामडिंग मंडल के अधीन डिमापुर रेलवे स्टेशन को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा “ईट राइट स्टेशन” प्रमाणन मिला है। स्टेशन ने एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार क्वालिफाई किया है। 24 अक्टूबर, 2025 से 23 अक्टूबर, 2027 तक की अवधि के लिए यह प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार काे बताया कि यह मान्यता स्टेशन पर फूड स्टॉल, केटरिंग यूनिट और फूड हैंडलर के विस्तृत ऑडिट के बाद दी गई है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खाद्य सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन, साफ-सुथरा माहौल में खाना तैयार होना, स्टोरेज के सुरक्षित तरीके, अपशिष्ट का बेहतर प्रबंधन हो रहा है और यात्रियों के लिए पौष्टिक खाने के विकल्प मौजूद हैं।

एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि यह है कि पूसीरे के अलीपुरद्वार मंडल के चार स्टेशनों को भी निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को पूरा करने के लिए एफएसएसएआई से “ईट राइट स्टेशन” प्रमाणन मिला है। उन स्टेशनों में अलीपुरद्वार रेलवे स्टेशन, कोकराझार रेलवे स्टेशन, गोलकगंज रेलवे स्टेशन और न्यू माल जंक्शन रेलवे स्टेशन शामिल है।

यह प्रमाणन रेल अधिकारियों, स्वास्थ्य निरीक्षकों, कैटरिंग यूनिट्स, अधिकृत विक्रेताओं और स्टेशन प्रबंधन टीमों की मेहनत को प्रदर्शित करता है, जिन्होंने साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने में संयुक्त रूप से कार्य किया है।

“ईट राइट स्टेशन” पहल, “ईट राइट इंडिया” मुहिम के तहत सुरक्षित, स्वस्थ और सुदृढ़ खाद्य प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए एफएसएसएआई के देश भर में चल रहे अभियान का हिस्सा है। पूसीरे यात्री सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाने और यह सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है कि अपने जोन के अधीन सभी स्टेशनों पर अच्छी गुणवत्ता, सुरक्षित और साफ-सुथरा खाना मिले।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय