home page

पूसीरे के सभी मंडलों का अप्रैल, 2026 में माल परिवहन के क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन

 | 
पूसीरे के सभी मंडलों का अप्रैल, 2026 में माल परिवहन के क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन


गुवाहाटी, 16 मई (हि.स.)। माल परिवहन कारोबार के क्षेत्र में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) अपने सभी मंडलों में लोडिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ-साथ इस क्षेत्र में व्यापार तथा सामग्रियों की आवाजाही को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई नीतिगत पहलों के कारण निरंतर मजबूत गति बनाए हुए है। एक प्रमुख परिचालन विकास के तहत, कटिहार मंडल के अधीन रहमतपुर और पौआखाली स्टेशनों को 16 अप्रैल से, जावक और आवक दोनों तरह के माल परिवहन के संचालन के लिए खोल दिया गया है। इसमें घरेलू और बांग्लादेश जाने वाला परिवहन भी शामिल है। बांस परिवहन को प्रोत्साहित करने और इससे जुड़े उद्योगों को सहयोग प्रदान करने के लिए कवर्ड वैगनों में बिज़ी सीजन सरचार्ज के छूट को एक मई, 2026 से 30 अप्रैल, 2027 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पूसीरे से शुरू होने वाले बांस के सभी परिवहनों पर यह सुविधा लागू की गई है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार काे बताया कि इस अवधि के दौरान, अलीपुरद्वार मंडल ने धुपगुड़ी स्टेशन से न्यू तिनसुकिया और शालचापरा स्टेशनों तक आलू के 378 वैगनों वाले 09 रेकों की लोडिंग दर्ज की, जिससे 1.61 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। कटिहार मंडल के अंतर्गत, पूर्णिया जंक्शन और जलालगढ़ स्टेशनों से मक्का के 126 वैगनों वाली 03 रेक लोड किए गए, जिससे 0.33 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ।

लामडिंग मंडल ने कई प्रकार की सामग्रियों के लोडिंग क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया। मयनारवन्द, पंचग्राम, डिटकछड़ा, बिहाड़ा, मॉलवॉम और शोखुवि से कुल 1,684 वैगन स्टोन चिप्स बुक किए गए, जिन्हें जिराणीया, सबरूम, बेलोनिया, आमबासा, उदयपुर और सायरंग जैसे गंतव्यों को भेजा गया। इससे 7.64 करोड़ का माल राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अलावा, तेतेलिया, स्टार, लंका, शालचापरा और कमलाजारी से सीमेंट के 1,986 वैगन बुक किए गए, जिसे डिमापुर, कटिहार, न्यू तिनसुकिया, जोरहाट टाउन, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू बंगाईगांव, रंगिया, जिराणीया, सायरंग और फालाकाटा जैसे गंतव्यों को भेजा गया। इस माल परिवहन से 10.96 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।

इसके अलावा, पेट्रोलियम तेल और लुब्रिकेंट्स (पीओएल) के 400 वैगन बुक किए गए, जिससे 3.41 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। बांस परिवहन के क्षेत्र में, लामडिंग मंडल के अधीन लामसाखांग से बैंबू चिप्स के 20 वैगन लोड किए गए, जिससे 0.18 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। पूर्वोत्तर और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक विकास और औद्योगिक उन्नति को बढ़ावा देने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे माल ढुलाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, ग्राहक-केंद्रित नीतियों में सुधार और कुशल परिवहन सेवाओं को सुनिश्चित करने पर निरंतर जोर दे रहा है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय