पूसीरे में चल रहे परियोजनाओं और बुनियादी ढांचा के विकास की समीक्षा
गुवाहाटी, 01 मई (हि.स.)। रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसंरचना) विवेक कुमार गुप्ता ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) का दौरा किया और जोन भर में चल रही परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का आकलन करने के लिए मालीगांव में एक समीक्षा बैठक की।
इस बैठक में पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव, पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल के साथ-साथ पूसीरे के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मज़बूत करने के लिए प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर पहलों, परियोजनाओं की समय-सीमा और उसके निष्पादन में तेज़ी लाने की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अपने दौरे के दौरान, विवेक गुप्ता 2 मई को कामाख्या से डिमापुर तक एक व्यापक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करेंगे, ताकि इस मार्ग पर पटरियों की स्थिति, संरक्षा उपायों और इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति की समीक्षा की जा सके। डिमापुर पहुंचने के बाद, वे डिमापुर-कोहिमा नई रेल लाइन परियोजना की प्रगति के साथ-साथ राज्य में चल रहे अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों की समीक्षा करेंगे। उनका यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने और विकास को गति देने पर भारतीय रेल के निरंतर फोकस को रेखांकित करता है।
बैठक के दौरान, इस क्षेत्र में कई प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की परिचालन स्थिति और प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिरिबाम-इंफाल, सेवक-रंगपो और मुरकंगसेलेक-पासीघाट जैसी प्रमुख परियोजनाओं पर चर्चा की गई, जिसमें इन परियोजनाओं के निष्पादन में तेज़ी लाने पर विशेष ज़ोर दिया गया।
हाल के वर्षों में, पूसीरे ने रेल इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। मिजोरम की राजधानी को पहली बार रेल नेटवर्क के माध्यम से देश के बाकी हिस्सों से जोड़कर एक प्रमुख माइलस्टोन हासिल किया गया है। बइरबी-सायरंग रेल परियोजना इस प्रगति में एक प्रमुख उपलब्धि है, जिसका उद्घाटन पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री ने किया था।
मॉलवॉम और मेंदीपथार स्टेशनों में माल परिवहन के सेवाओं का शुरू होना, पूसीरे की चल रही प्रगति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स में सुधार हुआ है, कनेक्टिविटी बढ़ी है और आर्थिक विकास में योगदान मिला है।
पूसीरे, पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति देने और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रेल कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

