शिवसागर में अखबारों के बंडल जलाने पर राजनीतिक एवं मीडिया संगठनों ने की निंदा
गुवाहाटी, 25 मार्च (हि.स.)। शिवसागर में बुधवार को दिन-दहाड़े कुछ बदमाशों ने कथित तौर पर एक प्रमुख असमिया दैनिक अखबार के बंडलों में आग लगा दी। इस घटना की राजनीतिक पार्टियां, पत्रकार संगठनों और नागरिक समाज ने कड़ी निंदा की और इसे प्रेस की आजादी पर सीधा हमला बताया है।
उल्लेखनीय है कि, शिवसागर विधानसभा क्षेत्र में किसी राजनीतिक दल से कथित तौर पर जुड़े कुछ लोगों पर इस घटना को अंजाम देने के गंभीर आरोप लगे हैं। इससे यह चिंता बढ़ गई है कि कहीं राजनीतिक प्रचार का दुरुपयोग हिंसा और डराने-धमकाने को सही ठहराने के लिए तो नहीं किया जा रहा है। शिवसागर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दो व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर दिन-दहाड़े एक प्रमुख असमिया दैनिक अखबार के बंडलों में आग लगाने के इस कृत्य की, जिसे प्रेस की आज़ादी पर हमला बताकर व्यापक रूप से निंदा की गई है।
आरोपितों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने 'रायजोर दल' के एक कार्यकर्ता पर हमला किया, जिससे इस विधानसभा क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि यह घटना चुनावी प्रचार की आड़ में हुई, जिससे मौजूदा चुनावी मौसम के दौरान राजनीतिक मर्यादा के गिरते स्तर को लेकर आशंकाएं और गहरी हो गई हैं।
इस घटना की भाजपा, अगप, कांग्रेस के साथ ही मीडिया संगठनों ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस कृत्य की निंदा करते हुए इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी प्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि चुनावी प्रचार के नाम पर होने वाली हिंसा और गुंडागर्दी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, अंतिम सूचना मिलने तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

