एपीएल मैच के दौरान ‘असम नीड्स यू’ संदेश से बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति एकजुटता की अपील
गुवाहाटी, 03 अगस्त (हि.स.)। असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के तहत एसीए स्टेडियम, बरसापारा में खेले गए गुवाहाटी रॉयल्स और जोरहाट स्टैलियंस के मुकाबले के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों के समर्थन का एक मानवीय संदेश लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहा।
मैच शुरू होने से पहले असम नीड्स यू संदेश वाला एक रोबोडॉग खिलाड़ियों के साथ मैदान में पहुंचा। इसके बाद वह स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों में घूमता रहा, जिससे दर्शकों और टीवी पर मैच देख रहे लोगों का ध्यान असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की लगातार बनी हुई कठिनाइयों की ओर गया।
इस पहल का उद्देश्य खेल के बड़े मंच का उपयोग कर लोगों को यह याद दिलाना था कि राज्य के हजारों परिवार अभी भी बाढ़ के प्रभाव से उबरने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें राहत, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण के लिए निरंतर सहयोग की आवश्यकता है।
मैच के सीधा प्रसारण के माध्यम से इस संदेश को देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। नागरिकों, संस्थानों और संगठनों से अपील की गई कि वे असम के साथ एकजुटता दिखाएं और अपनी क्षमता के अनुसार राहत एवं पुनर्वास कार्यों में योगदान दें।
यह पहल गुवाहाटी रॉयल्स ने लीग प्रबंधन के सहयोग से की। इसका उद्देश्य यह संदेश देना था कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और मानवीय सरोकारों को आगे बढ़ाने का प्रभावी मंच भी बन सकता है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

