home page

चुनाव 26 : असम के नाओबेचा में राजग उम्मीदवार का समर्थन में पेमा खांडू ने किया प्रचार

 | 
चुनाव 26 : असम के नाओबेचा में राजग उम्मीदवार का समर्थन में पेमा खांडू ने किया प्रचार


लखीमपुर (असम), 04 अप्रैल (हि.स.)। असम के लखीमपुर जिलांतर्गत सोनापुर हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को असम में तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में लौटने का भरोसा जताया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि लोगों की भारी भीड़ इस बात का सबूत है कि गठबंधन को जनता का जबरदस्त समर्थन हासिल है और लोग राजग को दोबारा सत्ता में लाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने नओबेचा (एससी) सीट से राजग उम्मीदवार और असम गण परिषद (अगप) के नेता बसंत दास के साथ मंच साझा किया। इस दौरान उन्होंने एक स्थिर और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए गठबंधन के भीतर एकता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। खांडू ने असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच गहरे रिश्तों का भी जिक्र किया और कहा कि अरुणाचल का विकास असम के लोगों के योगदान से ही जुड़ा हुआ है। उन्होंने दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच मजबूत और अटूट रिश्ते पर जोर देते हुए, असम के लोगों के कल्याण और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उल्लेखनीय है कि, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू बीते शुक्रवार को भी राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय