राजग की जीत असम और देश को चाहने वाले जनता जनार्दन की जीत : दिलीप सैकिया
- भाजपा और अगप की रुपाली जयंती वर्ष की मित्रता रामधेनु जैसी मित्रता
गुवाहाटी, 06 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) के आमंत्रण पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया अगप के आमबारी स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां अगप के प्रदेश अध्यक्ष अतुल बोरा, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत सहित शीर्ष नेतृत्व ने उनका स्वागत किया। बैठक में भाजपा के संगठन महासचिव जीआर रविंद्र राजू और नलबाड़ी से नव-निर्वाचित विधायक जयंत मल्ल बरुवा भी उपस्थित रहे।
दोनों दलों के नेताओं ने हालिया विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत और उपलब्धियों को लेकर संयुक्त समीक्षा बैठक की। इस दौरान सैकिया ने अगप के नव-निर्वाचित विधायक दल के नेता अतुल बोरा, उप-नेता केशव महंत और सभी विधायकों को बधाई दी।
बैठक को संबोधित करते हुए दिलीप सैकिया ने उम्मीद जताई कि आने वाले पांच वर्षों में अगप के विधायक असम के सामाजिक और समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि 4 मई का दिन स्वतंत्रोत्तर भारत के इतिहास में महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि असम की 126 में से 102 सीटों पर राजग की जीत जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।
दिलीप सैकिया ने असम के मुख्यमंत्री डाॅ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें तीसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरमा के नेतृत्व में राज्य में विकास और सुशासन को नई दिशा मिलेगी।
भाजपा–अगप संबंधों पर बोलते हुए दिलीप सैकिया ने कहा कि 2001 से दोनों दलों के बीच मजबूत और मधुर संबंध रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि समय-समय पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आपसी विश्वास बना रहा है। सैकिया ने इस गठबंधन को “रामधेनु जैसी मित्रता” बताते हुए इसे असम के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक बताया। ----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

