home page

‘वंदे मातरम्’ के विशेष कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ में मुख्य अतिथि होंगे जनरल उपेंद्र द्विवेदी

 | 
‘वंदे मातरम्’ के विशेष कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ में मुख्य अतिथि होंगे जनरल उपेंद्र द्विवेदी


गुवाहाटी, 23 सितंबर (हि.स.)। भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के अमर गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र ने भी क्षेत्रभर के सभी विद्यालयों को इस समारोह में सम्मिलित करवाने का प्रयास तेज कर दिया है।

आगामी 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे विद्या भारती द्वारा संपूर्ण भारत में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर के लगभग 25,000 विद्यालयों में प्रातः 11 बजे एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से एक विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के लगभग 1,500 स्थानों में तीन लाख से अधिक विद्यार्थी, आचार्यगण एवं अन्य नागरिक एक साथ उपस्थित होकर प्रातः 11 बजे ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे। इसी क्रम में शिशु शिक्षा समिति, असम द्वारा गुवाहाटी के कलाक्षेत्र स्थित श्रीमंत शंकरदेव अंतरराष्ट्रीय सभागार में 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे समारोह का आयोजन किया जाएगा।

इस आयोजन की तैयारियों के संबंध में बुधवार को गुवाहाटी के जू-रोड स्थित असम प्रकाशन भारती कार्यालय में शाम 4 बजे आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के मंत्री डॉ. जगदीन्द्र रायचौधुरी ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी उपस्थित रहेंगे।

संवाददाता सम्मेलन में विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री डॉ. पवन तिवारी, शिशु शिक्षा समिति, असम के अध्यक्ष कुलेंद्र कुमार भागवती तथा ‘नमामि भारतम्’ के संयोजक गौरव कलिता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय