नलबाड़ी में 1.48 करोड़ की हेरोइन ज़ब्त, दो गिरफ़्तार
गुवाहाटी, 24 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को बताया कि असम पुलिस ने नलबाड़ी ज़िले में 1.48 करोड़ रुपये की संदिग्ध हेरोइन ज़ब्त की और इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि, नलबाड़ी पुलिस के जवानों ने नशीले पदार्थों के ख़िलाफ़ चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान 16 साबुनदानी में छिपाई गई 211.5 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की।
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस खेप को स्थानीय समुदायों तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया। अभियान के लिए नलबाड़ी पुलिस की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा, एक और खेप को हमारे समुदायों में ज़हर घोलने से पहले ही रोक दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कीमत अवैध बाज़ार में लगभग 1.48 करोड़ रुपये आंकी गई है। अभियान के दौरान दो मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ा गया।
इस अवैध खेप के स्रोत का पता लगाने और तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

