असम : भारी मात्रा में हेरोइन जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार
कामरूप (असम), 22 अगस्त (हि.स.)। कामरूप (ग्रामीण) ज़िले में नगरबेरा पुलिस स्टेशन के तहत कल्याणपुर में नशीले पदार्थों के खिलाफ़ पुलिस टीम द्वारा चलाए गए एक अभियान के दौरान चार लोगों को पकड़ा गया और भारी मात्रा में हेरोइन ज़ब्त की गई।
बोको-छयगांव के सीडीएसपी और एपीएस जानकिशोर गोगोई से मिली जानकारी के आधार पर, एसआई चंपक कलिता (आईसी तुपामारी आउट पोस्ट) की अगुवाई में एक पुलिस टीम ने एसआई हरजीत दास (ओसी नगरबेरा पुलिस स्टेशन) और अन्य कर्मियों के साथ मिलकर बीती देर रात कल्याणपुर में एक घर की तलाशी अभियान चलाया। यह तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में चलाया गया।
अभियान के दौरान, पुलिस ने दो कंटेनरों से 21 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (कुल वज़न 72 ग्राम) और 30 भरी हुई शीशियों से 25 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (कुल वज़न 55 ग्राम) बरामद की। टीम ने 157 खाली कंटेनर/शीशियां, चार मोबाइल फोन और 3,240 रुपये नकद भी ज़ब्त किए।
पकड़े गए लोगों की पहचान जाहादुल इस्लाम, जमीरन नेसा और तोहिनुल अली (सभी नगरबेरा पुलिस स्टेशन के तहत कल्याणपुर के निवासी) और धुबड़ी ज़िले के बिलासीपारा निवासी मो. जमाल बादशाह के तौर पर हुई है।
पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित सामान और अन्य चीज़ें कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ज़ब्त की गईं। आगे की जांच चल रही है और ज़रूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

