home page

असम के नगांव में जंगली हाथियों के हमले में महिला समेत दो की मौत

 | 
असम के नगांव में जंगली हाथियों के हमले में महिला समेत दो की मौत


नगांव/ग्वालपाड़ा (असम), 30 मई (हि.स.)। असम के नगांव जिले के कचुवा क्षेत्र में जंगली हाथियों के हमले में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ग्वालपाड़ा जिले के मरनै इलाके में करंट लगने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगांव जिले के कचुवा क्षेत्र में बीती रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर जंगल की ओर खदेड़ने के लिए अभियान चलाया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।

इधर, ग्वालपाड़ा जिले के मरनै क्षेत्र में एक जंगली हाथी की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथी विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि हाथी किसी नीचे लटक रहे अथवा अवैध रूप से जुड़े बिजली के तार के संपर्क में आ गया था। वन विभाग मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है।

वन्यजीवों और मानव बस्तियों के बीच बढ़ते संघर्ष को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा उपाय करने और बिजली के खतरनाक तारों की नियमित निगरानी की मांग की है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश