असम के नगांव में पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
नगांव (असम), 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम के नगांव जिले के जेंगानी इलाके में रविवार को पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान एक व्यक्ति को पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अबेदर चर निवासी मोहम्मद अली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित कथित तौर पर पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। हालांकि, उसके खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
डुमदुमिया थाने के पुलिस अधिकारी रिपोन ज्योति गोगोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में अभियान चलाकर उसे पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एएस 02 एम 7600 पंजीकरण संख्या वाली एक मोटरसाइकिल बरामद की।
फिलहाल, डुमदुमिया थाना पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

