नगांवः गोदाम में लगी भयावह आग; करोड़ों के नुकसान की आशंका
नगांव (असम), 16 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के उत्साह के बीच शुक्रवार को नगांव जिला शहर के इस्लामपट्टी में मोबाइल ऑयल के एक गोदाम में भयावह आग लग गई। इस घटना में करोड़ों रुपये की संपत्ति के नष्ट होने की आशंका है।
यह आग नेमकेयर अस्पताल के ठीक सामने स्थित गोदाम में लगी। आग की लपटें तेजी से फैलीं और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। यह गोदाम घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके और एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र के काफी करीब स्थित है।
बताया जा रहा है कि आग गोदाम के अंदर लगी थी, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग इतनी भयावह थी कि बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन गनीमत रही कि एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक इलाके आग की चपेट में आने से बच गए।
दमकल और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दीं। हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।
यह घटना दुर्गा पूजा के दौरान हुई, जिससे नगांव में उत्सव का माहौल फीका पड़ गया है। आग लगने के कारणों और नुकसान के अंतिम आकलन के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है।
इसके अलावा, आज सुबह जिले के हैबरगांव स्थित ज्योति फ्लोर मिल (आटा मिल) में भी भयावह आग लगने की सूचना मिली है। वहां भी दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति और सामान के नुकसान की आशंका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

