नगांव उपचुनाव में हार के बाद गौरव गोगोई के नेतृत्व पर रिपुन बोरा ने उठाए सवाल
गुवाहाटी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता रिपुन बोरा ने गौरव गोगोई के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चुनाव परिणाम को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पार्टी के भीतर हार के कारणों की समीक्षा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
रिपुन बोरा ने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के चुनाव परिणाम की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि नगांव उपचुनाव में पार्टी की हार अत्यंत दुर्भाग्यजनक है और इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के रुख को लेकर भी चिंता जताई। बोरा ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग पहले से कांग्रेस को वोट देते आ रहे थे, लेकिन इस बार उन्होंने पार्टी को वोट क्यों नहीं दिया, यह चिंतन का विषय है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को चुनाव परिणाम का विश्लेषण करना होगा और हार के पीछे के कारणों को समझने के लिए गंभीर विचार-विमर्श करना होगा। बोरा की इन टिप्पणियों के बाद कांग्रेस में नेतृत्व और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

