home page

नगांव-बटद्रवा सड़क पर खाई में गिरी कार, एक की मौत और पांच घायल

 | 
नगांव-बटद्रवा सड़क पर खाई में गिरी कार, एक की मौत और पांच घायल


नगांव (असम), 25 मई, (हि.स.)। असम में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच नगांव-बटद्रवा संपर्क सड़क पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। यह दुर्घटना बटद्रवा के भेटियनी गांव के समीप हुई।

जानकारी के अनुसार, एएस-02-एबी-9394 नंबर की कार नगांव से बटद्रवा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना में इमदादुल इस्लाम नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बटद्रवा के भोमोरागुरी क्षेत्र का निवासी बताया गया है। वहीं, कार में सवार अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बटद्रवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को बरामद कर लिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश