home page

जुबीन दिवस पर असम-नगालैंड विधायकों ने सीमा पर शांति समझौते पर किए हस्ताक्षर

 | 
जुबीन दिवस पर असम-नगालैंड विधायकों ने सीमा पर शांति समझौते पर किए हस्ताक्षर


गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। असम-नगालैंड सीमा क्षेत्र में शांति, समन्वय और आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक पहल के तहत सरूपथार के विधायक विश्वजीत फूकन और नगालैंड के भंडारी विधायक अचुम्बेमो किकोन ने जुबीन दिवस के अवसर पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

दोनों विधायकों के बीच हुई बैठक में अंतरराज्यीय सीमा के दोनों ओर रहने वाले समुदायों के बीच संबंध मजबूत करने तथा स्थानीय मुद्दों का समाधान बातचीत और आपसी समझ के माध्यम से करने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि सीमा क्षेत्र में उत्पन्न किसी भी विवाद या गलतफहमी का समाधान टकराव के बजाय संवाद और सहयोग से किया जाना चाहिए।

बैठक में असम-नगालैंड सीमा पर ‘जुबीन गर्ग नाहर उद्यान’ स्थापित करने का प्रस्ताव भी सामने आया। प्रस्तावित उद्यान दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की स्मृति को समर्पित होगा तथा असमिया संगीत और संस्कृति में उनके योगदान को याद करने का माध्यम बनेगा।

समझौते के तहत संयुक्त शांति एवं समन्वय समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है। समिति का उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच नियमित समन्वय स्थापित करना और सीमा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के प्रयासों को आगे बढ़ाना होगा।

बैठक में वैध व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। दोनों विधायकों ने सीमा क्षेत्र के निवासियों को कानून के दायरे में अपने रोजगार और आर्थिक गतिविधियां संचालित करने के लिए बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसके अलावा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा दोनों राज्यों के सीमा क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों के बीच सामाजिक संबंध मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जुबीन दिवस के अवसर पर हुई यह बैठक दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की स्मृति को समर्पित थी। प्रस्तावित उद्यान सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से असम और नगालैंड के सीमावर्ती समुदायों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश